माननीय प्रधानमंत्री के करकमलों से ₹1.05 लाख करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण

ram

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से बालोतरा जिले के पचपदरा में आयोजित ₹1.05 लाख करोड़ से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास, उद्घाटन एवं लोकार्पण कार्यक्रम का राजसमंद जिले में जिला स्तर से लेकर सभी ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर तक सीधा प्रसारण किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम बी.एल. व्यास मेमोरियल सभागार में आयोजित हुआ, जिसमें प्रदेश सरकार के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के राज्यमंत्री ओटाराम देवासी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा, एसपी हेमंत कलाल, अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेश बुनकर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बृजमोहन बैरवा, पूर्व जिला प्रमुख रतनी देवी जाट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन तक जिले के 327 नवनियुक्त कार्मिकों को वेलकम किट भेंट किए गए। सभी ने माननीय प्रधानमंत्री का संबोधन लाइव सुना और सौगातों के लिए सरकार का आभार जताया। राज्यमंत्री देवासी ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार राजस्थान के सर्वांगीण विकास को नई गति प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि आधारभूत संरचना के विस्तार, औद्योगिक विकास, जल संसाधनों के सुदृढ़ीकरण, आधुनिक परिवहन व्यवस्था, रोजगार सृजन तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि उन्हें समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से धरातल पर उतारकर प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से राजस्थान की धरती से ₹1.05 लाख करोड़ से अधिक लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास, उद्घाटन एवं लोकार्पण किया गया है। इनमें ₹79 हजार करोड़ से अधिक लागत से निर्मित राजस्थान रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित किए जाने के साथ लगभग ₹13 हजार करोड़ की लागत से जयपुर मेट्रो फेज-2 के शिलान्यास सहित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं। इसके साथ ही 50 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं के नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं, जो सरकार की विकासोन्मुखी एवं रोजगारपरक सोच का सशक्त प्रमाण है। राज्यमंत्री देवासी ने कहा कि बालोतरा जिले के पचपदरा में स्थापित राजस्थान रिफाइनरी प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजनाओं में से एक है। लगभग ₹79 हजार करोड़ से अधिक लागत से निर्मित यह 9 मिलियन मीट्रिक टन प्रतिवर्ष क्षमता वाला ग्रीनफील्ड रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स है, जिसमें 26 प्रतिशत से अधिक पेट्रोकेमिकल उत्पाद तैयार किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस परियोजना का संचालन एचआरआरएल द्वारा किया जा रहा है, जो एचपीसीएल एवं राजस्थान सरकार का संयुक्त उपक्रम है। यह परियोजना पेट्रोल, डीजल, पॉलीप्रोपाइलीन, एलएलडीपीई, एचडीपीई सहित अनेक महत्वपूर्ण पेट्रोकेमिकल उत्पादों का उत्पादन करेगी, जिससे परिवहन, फार्मा, पेंट, पैकेजिंग तथा अन्य औद्योगिक क्षेत्रों को व्यापक लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में आयात पर निर्भरता कम करेगी तथा विदेशी मुद्रा की बचत में महत्वपूर्ण योगदान देगी। साथ ही पिछड़े क्षेत्र के औद्योगीकरण, स्थानीय संसाधनों के उपयोग एवं क्षेत्रीय आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। राज्यमंत्री देवासी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार विकास, सुशासन एवं जनकल्याण के नए प्रतिमान स्थापित कर रही है। राजस्थान आज आधारभूत संरचना, उद्योग, ऊर्जा, जल प्रबंधन, परिवहन एवं रोजगार सृजन के क्षेत्र में निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित करते हुए विकसित राजस्थान एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से अग्रसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *