एमएलसी चुनाव की तैयारियों के बीच पटना पहुंचे नितिन नवीन, एनडीए नेताओं के साथ रणनीति पर होगा मंथन

ram

पटना । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को पटना पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। विधान परिषद की आठ सीटों पर चुनाव की घोषणा के बाद नितिन नवीन का यह पहला पटना दौरा है। ऐसे में उनका बिहार प्रवास संगठन और चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नितिन नवीन के पटना प्रवास के दौरान संगठन से जुड़े मुद्दों के साथ आगामी विधान परिषद चुनाव की तैयारियों और रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है। खास तौर पर आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर भाजपा और एनडीए की तैयारियों को लेकर मंथन किया जा सकता है। जानकारी के मुताबिक, नितिन नवीन एनडीए के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक कर सकते हैं। इस बैठक में सभी आठ सीटों पर उम्मीदवारों की तैयारियों, चुनावी रणनीति और सहयोगी दलों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर चर्चा होने की संभावना है। संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में वोटों के समीकरण और संगठन की सक्रियता जैसे मुद्दे भी बैठक में प्रमुखता से उठ सकते हैं। बिहार विधान परिषद की चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के अलावा पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव होना है। भाजपा नेतृत्व की ओर से इन चुनावों में संगठन की भूमिका को मजबूत करने के साथ-साथ एनडीए के घटक दलों के बीच तालमेल पर भी जोर दिए जाने की संभावना है। उम्मीदवारों के समर्थन में कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियों को गति देने को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए जा सकते हैं। नितिन नवीन के बिहार दौरे के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा भी हो सकती है। विधान परिषद चुनाव के अलावा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और संगठन को बूथ स्तर तक और सक्रिय करने को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *