जयपुर। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शनिवार को जवाहर कला केंद्र के शिल्पग्राम में आयोजित गणगौर कला महोत्सव का शुभारम्भ किया। इस दौरान उन्होंने वहां कला प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया और राजस्थान की कलाओं के प्रदर्शन की सराहना की। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी भी उपस्थित रहीं। राज्यपाल ने राजस्थानी में अपनी बात रखते हुए कहा कि राजस्थान गणगौर संस्कृति से जुड़ा राज्य है। उन्होंने कहा कि अभावों में भी भाव भरने वाला राजस्थान बार-बार अकाल की मार सहने के बावजूद थमा नहीं, विकास की नई करवट लेता आगे बढ़ता रहा है। उन्होंने राजस्थान को भौगोलिक विषमता और अभावों में उत्सवधर्मिता का वरण करने वाले बताते हुए इसकी कला संस्कृति की सराहना की। राजस्थान की ‘पधारो म्हारे देस’ की मिठी मनुहार, मांड जैसी विरल लोक गायकी, गवरी, रम्मत, नौटंकी जैसे लोक नाट्यों, घूम्मर, गैर, गींदड़ जैसे अद्भुत नृत्य की परंपराओं के सहेजने का आह्वान किया। बागडे ने गणगौर कला महोत्सव के बहाने भक्ति और शक्ति के संगम राजस्थान के कण-कण में व्याप्त त्याग, तपस्या और बलिदान की गाथाओं को याद करते प्रदेश के विकास का संकल्प लेने पर जोर दिया।

शिल्पग्राम में गणगौर कला महोत्सव का राज्यपाल ने शुभारम्भ किया
ram


