पीएम मोदी ने आईआईटी खड़गपुर के मेधावी छात्रों से संवाद किया

ram

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के कौस्तुभ जयंती समारोह के तहत ‘विकसित भारत के लिए 75 आवाजें’ पहल के अंतर्गत संस्थान के 75 मेधावी विद्यार्थियों से संवाद किया। इस संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने चयनित विद्यार्थियों के साथ सक्रिय रूप से बातचीत की। विद्यार्थियों ने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में देश की यात्रा को लेकर अपने विचार साझा किए। वर्ष 1951 में स्थापित देश के पहले आईआईटी का प्रधानमंत्री मोदी का यह पहला दौरा है। प्रधानमंत्री ने संस्थान के निदेशक प्रोफेसर सुमन चक्रवर्ती के साथ आईआईटी खड़गपुर के सीनेट हॉल में विद्यार्थियों की नवोन्मेषी परियोजनाओं और अनुसंधान से जुड़े नमूनों की एक प्रदर्शनी भी देखी। प्रदर्शनी में विभिन्न स्टार्टअप से जुड़े विचारों के साथ ही कृषि, वस्त्र, रोबोटिक्स, एयरोस्पेस इंजीनियरिंग, ड्रोन प्रौद्योगिकी और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े प्रौद्योगिकी क्षेत्र के नवोन्मेषों के मॉडल प्रदर्शित किए गए। प्रधानमंत्री ने आईआईटी खड़गपुर के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चांदी के एक स्मारक सिक्के का अनावरण भी किया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *