नई दिल्ली । नाइजीरियाई वायुसेना (एनएएफ) का एटीआर-42 विमान रविवार को ओंडो स्टेट के इग्बोकोडा इलाके में हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सात क्रू सदस्यों समेत कुल 32 लोगों की मौत हो गई। लंदन के टेलीविजन नेटवर्क ‘ओमेगा टीवी यूके’ की रिपोर्ट के अनुसार, ओंडो राज्य में सैन्य विमान दुर्घटना में 32 लोगों की मौत के बाद नाइजीरिया ने तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू ने इस घटना के बाद नाइजीरियाई ध्वज को आधा झुकाने का आदेश दिया है। न्यूज एजेंसी ऑफ नाइजीरिया की रिपोर्ट के अनुसार, एनएएफ मुख्यालय में जनसंपर्क और सूचना निदेशक, एयर कमोडोर एहिमेन एजोडेम ने बताया कि विमान बेनिन से लागोस के लिए एक नियमित मिशन पर था, तभी यह हादसा हुआ। नाइजीरिया के एविएशन और एयरोस्पेस डेवलपमेंट मंत्री फेस्टस केयामो ने भी हादसे की पुष्टि की है। मंत्रालय की ओर से जारी बयान में केयामो ने कहा कि एनजीआर 931 टेल नंबर वाला विमान बेनिन से लागोस जा रहा था। सुबह करीब 9:13 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स का विमान से संपर्क टूट गया, जिसके बाद वह लापता हो गया। उन्होंने कहा कि रेडियो के जरिए विमान से दोबारा संपर्क करने की सभी कोशिशें नाकाम रहीं। मंत्री ने बताया कि बाद में पुष्टि हुई कि विमान इग्बोकोडा में नेवल बेस के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान का मलबा मिल गया है और सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। न्यूज एजेंसी ऑफ नाइजीरिया के अनुसार, नाइजीरिया के रक्षा मंत्री जनरल क्रिस्टोफर मूसा ने सशस्त्र बलों के जवानों को ले जा रहे सैन्य विमान एनजीआर 931 के दुर्घटनाग्रस्त होने पर गहरा दुख जताया है। मूसा ने सोमवार को अबुजा में जारी एक बयान में कहा कि इस हादसे में उन अधिकारियों और वायुसेना कर्मियों की जान चली गई, जो देश की सेवा करते हुए नियमित उड़ान मिशन पर थे।उन्होंने कहा, “इस दर्दनाक हादसे में हमारे बहादुर अधिकारियों और वायुसेना कर्मियों की जान चली गई। वे हिम्मत, पूरी लगन और देश के प्रति निस्वार्थ भावना के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए नियमित उड़ान मिशन पर थे।” उन्होंने आगे कहा, “इन बहादुर जवानों को खोना सिर्फ सेना के शीर्ष नेतृत्व और उनके साथियों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे नाइजीरिया के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती।” न्यूज एजेंसी ऑफ नाइजीरिया के अनुसार, उन्होंने बताया कि विमान हादसे की परिस्थितियों और इसके कारणों का पता लगाने के लिए पूरी जांच के आदेश दिए गए हैं। साथ ही, सैन्य विमानन इकाइयों में उड़ान और ऑपरेशनल सुरक्षा के नियमों को और मजबूत किया जाएगा।

नाइजीरियाई वायुसेना का एटीआर-42 विमान क्रैश, 32 लोगों की मौत, राष्ट्रपति ने घोषित किया तीन दिन का राष्ट्रीय शोक
ram


