चित्तौड़गढ़ में जिला स्तरीय रोजगार उत्सव युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

ram

जयपुर। राज्य एवं जिला स्तरीय रोजगार उत्सव के अवसर पर बालोतरा जिले के पचपदरा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्चुअल माध्यम से राजस्थान में लगभग 1 लाख 5 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं के शिलान्यास, उद्घाटन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर चित्तौड़गढ़ जिले में इंदिरा गांधी प्रियदर्शनी ऑडिटोरियम सहित निम्बाहेड़ा एवं जिले के समस्त उपखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। जिले में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के माध्यम से कुल 597 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इनमें से 527 नवनियुक्त अभ्यर्थियों को रोजगार उत्सव के अवसर पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। जिला स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहकारिता मंत्री गौतम दक रहे। कार्यक्रम में सांसद सीपी जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, जिला कलक्टर डॉ. मंजू सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता की। समारोह में विभिन्न विभागों में चयनित साढ़े पाँच सौ से अधिक नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर सहकारिता मंत्री गौतम दक ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बीते ढाई वर्षों में बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर मिले हैं तथा भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा राजस्थान में रिफाइनरी, यमुना जल परियोजना, जयपुर मेट्रो फेज-2 सहित अनेक विकास परियोजनाओं का शिलान्यास प्रदेश के विकास को नई गति देगा। उन्होंने विकसित भारत-2047 के संकल्प, किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए सभी नवनियुक्त युवाओं को बधाई दी। सांसद सीपी जोशी ने कहा कि रोजगार उत्सव युवाओं के परिश्रम, प्रतिभा और संकल्प का उत्सव है। आज युवाओं को उनकी मेहनत का परिणाम मिला है और यह उपलब्धि उनके माता-पिता एवं गुरुजनों के आशीर्वाद का प्रतिफल है। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी, समर्पण एवं सेवा भाव के साथ कार्य करते हुए विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहां कि भारत पुनः विश्वगुरु बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने नवनियुक्त युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और लगन आज सफलता में परिवर्तित हुई है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार विकास एवं रोजगार के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय कार्य कर रही है तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं के माध्यम से नए अवसर सृजित हो रहे हैं। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि रोजगार उत्सव युवाओं के जीवन का एक महत्वपूर्ण एवं यादगार पड़ाव है। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी के साथ सेवा भावना, अनुशासन एवं नियमों की जानकारी रखते हुए पूरी निष्ठा से कार्य करना चाहिए। उन्होंने सभी नवनियुक्त युवाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में नवनियुक्त युवाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों, अपने निरंतर परिश्रम तथा राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए पारदर्शी एवं समान अवसरों को दिया। ‘‘अर्थशास्त्र व्याख्याता पद पर चयन मेरी मेहनत, माता-पिता और गुरुजनों के आशीर्वाद का परिणाम है। रोजगार उत्सव ने हमें अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा करने का अवसर दिया।’’
– अंतु शर्मा, स्कूल व्याख्याता
‘‘आज मुझे सहायक सांख्यिकी अधिकारी पद पर नियुक्ति पत्र प्राप्त हुआ है। यह मेरे लिए गर्व और खुशी का क्षण है। इसके लिए मैं राजस्थान सरकार का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं।’’
– रीना कंवर भाटी, सहायक सांख्यिकी अधिकारी
‘‘चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पद पर चयन मेरे लिए गर्व का क्षण है। यह मेरी मेहनत और माता-पिता के आशीर्वाद का परिणाम है। इसके लिए मैं राज्य सरकार का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।’’
– दीपक प्रजापत, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी
‘‘दिव्यांग अभ्यर्थी के रूप में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पद पर मेरा चयन होना मेरे लिए गर्व का क्षण है। भर्ती प्रक्रिया समय पर पूरी होने के लिए मैं राज्य सरकार का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।’’
– दिव्यांग विनोद, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी
इस अवसर पर भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष बद्रीलाल जाट, रतनलाल गाडरी, एडीएम दिनेश धाकड़, जिला परिषद के सीईओ विनय पाठक, एडीएम (भू.अ.) रामचंद्र खटीक, ईसीईओ राकेश पुरोहित, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा, जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *