सतरंगी सप्ताह के छठे दिन सजाई रंगोलियां, महिला मार्च निकाल दिया मतदान का संदेश

ram

बीकानेर। सतरंगी सप्ताह के छठे दिन सोमवार को महिला एवं बाल विकास तथा महिला अधिकारिता विभाग ने शहर के विभिन्न स्थानों पर रंगोली व महिला मार्च के माध्यम से अधिक से अधिक मतदान का संदेश दिया। ऑरेंज रंग थीम और ‘वोट करूंगी, तभी तो बढूंगी’ स्लोगन के साथ महिलाओं ने लोकतंत्र के त्योहार में भागीदारी का आह्वान किया।
मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट परिसर में हुआ। जहां जिला निर्वाचन अधिकारी नम्रता वृष्णि ने महिलाओं को शत प्रतिशत मतदान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि जिले में महिला मतदान प्रतिशत बढ़ाने की दिशा में सतत और सामूहिक प्रयास किए जाएं। इसमें महिला एवं बाल विकास तथा महिला अधिकारिता विभाग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा गत चुनवा में न्यून महिला मतदान वाले केंद्रों पर अगले चार दिन विशेष गतिविधियां चलाई जाएं और इन क्षेत्रों में मतदान से वंचित महिलाओं को प्रेरित किया जाए। उन्होंने यहां से महिला मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मार्च विभिन्न मार्गों से होता हुआ बीकाणा चौपाटी के पास पहुंचा।
इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन लाल, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक सुभाष बिश्नोई, महिला अधिकारिता की उपनिदेशक डॉ. अनुराधा सक्सेना, बाल विकास परियोजना अधिकारी शक्ति सिंह कच्छावा, संरक्षण अधिकारी सतीश परिहार, प्रचेता विजय लक्ष्मी जोशी, पर्यवेक्षक मंजू भांभू सहित विभिन्न अधिकारी और आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्मिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन स्वीप प्रकोष्ठ के गोपाल जोशी ने किया।
*इन स्थानों पर सजाई रंगोलियां*
जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता द्वारा जिला कलेक्टर परिसर, बीकाणा चौपाटी, पब्लिक पार्क परिसर स्थित सेल्फी पॉइंट तथा जय नारायण व्यास कॉलोनी सर्किल पर ‘मतदान अवश्य करें’ संदेश देती रंगोली सजाई गई। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नत्थूसर गेट, जस्सूसर गेट, गंगा शहर सर्किल और पवनपुरी क्षेत्र में रंगोली सजाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *