जयपुर। भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद अमरपाल मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राजस्थान प्रदेश ओबीसी मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए किए गए कार्यों तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में ओबीसी मोर्चा की संगठनात्मक भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। मौर्य ने कहा कि ओबीसी मोर्चा राजस्थान में केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभाएगा। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने के लिए कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
भाजपा ओबीसी मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य ने कांग्रेस, सपा एवं अन्य विपक्षी दलों पर परिवारवाद की राजनीति को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विरासत में मिली सत्ता व्यक्ति के व्यक्तित्व का निर्माण नहीं कर सकती। कांग्रेस आज भी देशहित के बजाय परिवार की चिंता में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश गरीब, वंचित, पिछड़े और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में निरंतर जनसेवा के माध्यम से देश की संस्कृति, समृद्धि और विकास को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई है। गरीब परिवार में जन्म लेने के कारण वे गरीबी की पीड़ा और आमजन की आवश्यकताओं को भली-भांति समझते हैं। गरीबों तक राशन पहुंचाने, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सड़क एवं आधारभूत ढांचे का विस्तार करने जैसे कार्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि ओबीसी मोर्चा को पार्टी के हरावल दस्ते के रूप में काम करने की आवश्यकता है। भारतीय जनता पार्टी सदैव गरीब, पिछड़े, वंचितों के लिए प्राथमिकता से काम करती है। समाज के लिए हुए कामों को जनता तक पहुंचाना और आमजन को उन योजनाओं को लाभ मिलें, इसके लिए मोर्चा के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि विपक्षी ताकतें समाज को बांटने का काम करती है और हम सब समाज को सशक्त और समृद्ध बनाने की दिशा में काम करते है। इसलिए वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में हमारी जिम्मेदारी बढ़ जाती है कि लोगों को जागरूक करें, योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित करें और समाज के सभी वर्गों को भाजपा के साथ जोड़ने का काम करें।
ओबीसी मोर्चा की बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वंचित वर्ग के हितों को प्राथमिकता दी गई है तथा राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने जैसा महत्वपूर्ण कदम भी मोदी जी ने ही उठाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र व राज्य की भजनलाल सरकार बिना किसी धर्म या पंथ के भेदभाव के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के अनुरूप सरकार समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मोर्चा के कार्यकर्ता योजना बनाकर डबल इंजन सरकार के कामों को जनता तक पहुंचाए और समाज एवं संगठन के बीच सेतु का काम करें। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेंद्र कुमावत सहित प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।



