जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सिखों के प्रथम गुरु एवं महान आध्यात्मिक संत गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व (गुरुनानक जयंती) पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। देवनानी ने कहा कि गुरु नानक देव का संपूर्ण जीवन सत्य, प्रेम, करुणा, समानता और मानव सेवा के आदर्शों के प्रति समर्पित रहा। उनकी पावन शिक्षाएं सम्पूर्ण मानव समाज को सद्भाव, बंधुत्व और परस्पर सम्मान की प्रेरणा प्रदान करती हैं। उनका जीवन दर्शन परिश्रम, ईश्वर स्मरण तथा समाज के साथ अपने संसाधनों को साझा करने का महान संदेश देता है। देवनानी ने कहा कि उनकी वाणी में निहित आध्यात्मिक दृष्टि और लोककल्याण की भावना आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करती है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर हम एक ऐसे समाज के निर्माण में सहभागी बन सकते हैं, जहां सेवा, सद्भाव और मानवीय गरिमा सर्वोपरि हों। देवनानी ने इस पावन अवसर पर प्रदेशवासियों से गुरु नानक देव की शिक्षाओं को अपने जीवन में धारण करने तथा सामाजिक समरसता, सेवा और मानव कल्याण के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने का आह्वान किया।
स्पीकर देवनानी की गुरूनानक जयंती पर शुभकामनाएं, गुरुनानक देव जी की शिक्षाएं मानवता, समरसता और सेवा का शाश्वत मार्ग प्रशस्त करती हैं – देवनानी
ram


