जयपुर। विद्यालय प्रबंधन समितियों (एसएमसी) के सदस्यों को जिला स्तर पर प्रशिक्षण देने के लिए चयनित मुख्य संदर्भ व्यक्तियों (केआरपी) की दो दिवसीय आवासीय कार्यशाला सोमवार को जयपुर में शुरू हुई। कार्यशाला का आयोजन जेएलएन मार्ग पर जवाहर कला केंद्र के पास स्थित अमृता देवी सोसायटी फॉर फॉरेस्ट्री एंड वाइल्डलाइफ ट्रेनिंग सेंटर में किया जा रहा है। कार्यशाला के पहले दिन अजमेर, अलवर, बालोतरा, बांसवाड़ा, बारां, बाड़मेर, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, चूरू और दौसा जिलों के शिक्षक एवं प्रधानाचार्य शामिल हुए। इस अवसर पर समावेशी शिक्षा के उपायुक्त डॉ. आकाशदीप अरोड़ा एवं बाल रक्षा भारत के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यशाला में यूनिसेफ के सामाजिक एवं व्यवहार परिवर्तन के राज्य सलाहकार ज़मीर अनवर, न्यू कॉन्सेप्ट, यूनिसेफ की वरिष्ठ प्रशिक्षक भावना और न्यू कॉन्सेप्ट, यूनिसेफ के क्षमता निर्माण एवं संचार के वरिष्ठ प्रबंधक संजय कुमार शर्मा भी शामिल रहे। पहले दिन के सत्रों में बालवाटिका से कक्षा 12 तक बच्चों की बदलती जरूरतों और उनकी शिक्षा में विद्यालय प्रबंधन समितियों व समुदाय की भूमिका पर चर्चा हुई। बच्चों के नामांकन, नियमित उपस्थिति और पढ़ाई छूटने के जोखिम वाले बच्चों की पहचान के साथ सीखने के स्तर में सुधार के लिए समितियों की भूमिका पर भी बात हुई।
कार्यशाला में बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और मानसिक स्वास्थ्य के साथ बाल संरक्षण, लैंगिक समानता और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की शिक्षा में भागीदारी जैसे विषय शामिल रहे। समूह चर्चा, विद्यालय मानचित्रण और सुरक्षा ऑडिट जैसे अभ्यासों को प्रशिक्षण सत्रों में शामिल किया गया।
पहले बैच का प्रशिक्षण 23 और 24 नवंबर को है। कार्यक्रम 28 नवंबर तक अलग-अलग बैचों में चलेगा। प्रत्येक जिले से तीन मुख्य संदर्भ व्यक्तियों का चयन किया गया है, जो आगे अपने जिलों में एसएमसी सदस्यों को प्रशिक्षण देंगे।

विद्यालय प्रबंधन समितियों के सदस्यों के प्रशिक्षण के लिए जयपुर में दो दिवसीय कार्यशाला शुरू
ram


