श्रीगंगानग। पोषणमाह अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को अंध विद्यालय में पोषण मेले का आयोजन किया गया। पोषण मेले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा आकर्षक रंगोली बनाई गई तथा पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व, स्थानीय खाद्य पदार्थों के पोषण मूल्य तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक श्री ऋषभ जैन सहित अन्य अधिकारियों ने मेले में आयोजित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की।
पोषण मेले के दौरान मिशन बुनियाद के अंतर्गत प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा गतिविधियों पर आधारित स्टॉल भी लगाई गई। जिला कलक्टर ने स्टॉल का निरीक्षण कर प्रदर्शित गतिविधियों का अवलोकन किया। स्टॉल के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों के सर्वांगीण विकास, खेल-खेल में सीखने तथा प्रारंभिक शिक्षा को रोचक एवं प्रभावी बनाने के प्रयासों को प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर पोषण माह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पर्यवेक्षकों, संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारियों (सीडीपीओ) एवं एएनएम स्टाफ को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने पोषण अभियान के उद्देश्यों की प्राप्ति में कार्मिकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार समर्पण एवं सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

पौष्टिक व्यंजनों एवं रंगोली के माध्यम से दिया पोषण जागरूकता का संदेश
ram


