बाल मुकुन्द ओझा
माह सितम्बर 2026 में जीएसटी संग्रह दो लाख तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक पहुँचने और अर्थव्यवस्था में सुदृढ़ीकरण के संकेत के साथ देश में नवरात्रा से त्योहारी सीजन का आगाज़ हो गया है। नवरात्रि से लेकर दीपावली तक देशभर में कुल व्यापार 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंचने का अनुमान है। व्यापारियों के संगठन कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के मुताबिक, पिछले साल की तुलना में इस बार कारोबार में 15 से 18 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है। त्योहारी खरीदारी में तेजी, ग्राहकों की बढ़ती मांग और ग्रामीण व अर्ध-शहरी क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों का विस्तार इस वृद्धि के प्रमुख आधार है। एक रिपोर्ट के मुताबिक त्योहार के सीजन में लगभग 70 करोड़ ग्राहक बाज़ारों में ख़रीदारी करते हैं और जहां 500 रुपये या उससे कम ख़रीदारी करने वाले लोग हैं वहीं हज़ारों और लाखों रुपये खर्च करने वालों की भी कमी नहीं है और इसीलिए देश में त्यौहार के इस सीजन की महत्त्ता व्यापार की दृष्टि से बेहद ही महत्वपूर्ण है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार त्योहारी कारोबार का अनुमान विभिन्न राज्यों के व्यापारिक संगठनों, स्थानीय बाजारों से मिली जानकारी और खरीदारी के रुझानों के विश्लेषण पर आधारित है। पिछले साल त्योहारों के दौरान देश में करीब 6.05 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था। इसमें 5.40 लाख करोड़ रुपये के सामान की बिक्री और 65,000 करोड़ रुपये की सेवाओं से होने वाली आय शामिल थी। इस साल कारोबार में संभावित बढ़ोतरी से खुदरा बाजारों, छोटे व्यापारियों और स्थानीय कारोबारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। त्योहारों के दौरान ग्राहकों की बढ़ती आवाजाही से बाजारों में बिक्री को गति मिल सकती है।
त्योहारों पर जिस तरह से विभिन्न प्रकार की चीजों की बिक्री से बाजार गुलज़ार हो रहा है उससे साफ अंदाजा लगा सकते हैं कि आने वाले सभी त्योहारों पर खरीदारी के लिए ग्राहक मन बना चुके हैं। लोग खरीदारी के लिए बाजारों में पहुंच रहे हैं। दुकानें ग्राहकों से गुलजार होने लगी है। बाजारों में चहल पहल व भीड़-भाड़ देखने को मिल रही है। ऑनलाइन शॉपिंग की तरफ लोगों का रुझान बढ़ा हुआ है। दुकानदारों का कहना है कि बाजार में खरीदारी करने वालों की भीड़ बढ़ रही है और आने वाले दिनों में कारोबार बढ़ने की उम्मीद है। त्योहारी सीजन से इलेक्ट्रॉनिक, कपड़ा, ऑटो मोबाइल, सराफा बाजार में ग्राहकों का रुझान बढ़ा है। पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की बढ़ती संख्या से न केवल इन स्थलों की रौनक बड़ रही है बल्कि अच्छा कारोबार होने से कारोबारियों के चेहरों पर चमक देखने को मिल रही है। पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। अच्छा कारोबार होने से सभी कारोबारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा। इस त्योहारी सीजन में एक दर्जन बड़े त्योहार और व्रत आते है जिसमें देशवासी उमंग और उत्साह के साथ शामिल होकर अपनी खुशियों का इजहार करते है।
यह त्योहारी सीजन हालाँकि महंगाई की मार से उपभोक्ताओं को राहतभरा नहीं है। त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ ही बाजार और ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट्स पर ऑफर्स की भरमार देखने को मिल रही है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक भारत ने डिजिटल भुगतान में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दुकानदार और ऑनलाइन कम्पनियाँ जहां इन त्योहारों में आकर्षक ऑफर तथा डिस्काउंट की पेशकश कर ग्राहकों को रिझाने का प्रयास करते हैं, वहीं ग्राहक भी इन आकर्षक ऑफरों का लाभ उठाकर जमकर खरीदारी करते हैं। सरकारी बैंकों सहित कई कम्पनियाँ और निर्माता उपभोक्ताओं को लुभावनी छूट से भी लाभान्वित कर रहे है। दुकानदारों ने भी आकर्षित ढंग से दुकानों को सजाना शुरू कर दिया है, ताकि अच्छा व्यापार हो सके। खुदरा व्यापारी ऑनलाइन सेल का विरोध कर रहे है और अपने व्यापार के चौपट होने की दुहाई दे रहे है मगर उपभोक्ता ऑनलाइन व्यापार से खुश नजर आ रहे है। उन्हें बाजार की धकमपेल से छुटकारा मिल रहा है। ऑनलाइन सेल में सामान सस्ता जरूर मिल रहा है मगर उपभोक्ता को सावधानी रखनी पड़ेगी क्योकि ठगी करने वाले गिरोह भी सक्रीय हो गए है। जो भोले भले लोगों को सस्ते माल के चक्कर में फंसा कर अपना उल्लू सीधा कर रहे है। ऐसे में लोगों ने सतर्कता नहीं रखी तो सस्ते में माल खरीदना महंगा भी पड़ सकता है।
त्योहारी सीजन धोखे और ठगी से अछूते नहीं है। साइबर क्राइम भी चरम पर है। आये दिन लोगों के बैंक खातों से पैसे निकल जाने की घटनाओं में वृद्धि हो रही है। चोर उचके भी त्योहारी सीजन का इंतजार करते है। लोग त्यौहार की खरीददारी में व्यस्त हो जाते है तो ऑनलाइन ठग भी अपनी कारिस्तानी से बाज नहीं आते जिसमें न चाहते भी लोग थोड़े से लालच में आ कर फंस जाते है। इसलिए कहा जाता है सावधानी हटी तो दुर्घटना घटी। इसी दुर्घटना से बचने के लिए समझदारी और सजगता की जरुरत है।

त्योहारी सीज़न पर बाजार हुआ गुलज़ार : 70 करोड़ ग्राहक करेंगे खरीदारी
ram


