जोधपुर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत प्रथम चरण के निर्वाचन के लिए मतदान दलों एवं रिटर्निंग अधिकारियों के गठन तथा मतदान केन्द्रों के आवंटन की प्रक्रिया के अंतर्गत मंगलवार को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र (एनआईसी), जोधपुर में तृतीय रेण्डमाइजेशन संपन्न हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) (पंचायत), जोधपुर आलोक रंजन की उपस्थिति में रेण्डमाइजेशन के माध्यम से प्रथम चरण की छह पंचायत समितियों के 354 मतदान केन्द्रों के लिए 207 सक्रिय रिटर्निंग अधिकारियों एवं 354 सक्रिय मतदान दलों का आवंटन किया गया।
प्रथम चरण में शेरगढ़, चाबा, बालेसर, आगोलाई, चामू एवं सेखाला पंचायत समितियां शामिल हैं। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत प्रथम रेण्डमाइजेशन 7 अक्टूबर तथा द्वितीय रेण्डमाइजेशन 12 अक्टूबर को संपन्न किया गया था। तृतीय रेण्डमाइजेशन के बाद मतदान केन्द्रों के अनुरूप कार्मिकों का अंतिम आवंटन किया गया है। प्रत्येक मतदान दल में एक पीठासीन अधिकारी एवं चार मतदान अधिकारी नियुक्त किए जाने का प्रावधान है। इस प्रकार कुल 1,977 कार्मिकों का आवंटन किया गया, जिनमें 207 रिटर्निंग अधिकारी एवं 1,770 मतदान दल के सदस्य शामिल हैं।
सम्पूर्ण रेण्डमाइजेशन प्रक्रिया में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित की गई। इस दौरान प्रभारी अधिकारी (कार्मिक) एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद, जोधपुर तथा जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, एनआईसी, जोधपुर उपस्थित रहे।


