SIR के विरोध में विपक्ष का दिल्ली में प्रदर्शन, राजघाट जाएंगे INDIA ब्लॉक के सांसद

ram

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के विरोध में विपक्षी दलों का दिल्ली में प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहेगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने INDIA ब्लॉक के सांसदों को गुरुवार दोपहर 1:45 बजे कनॉट प्लेस स्थित मोएट्स रेस्टोरेंट में लंच के लिए बुलाया है। लंच के बाद विपक्षी सांसद राजघाट पहुंचेंगे और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। इससे पहले बुधवार को भी मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी सांसदों के लिए कनॉट प्लेस के सागर रत्ना रेस्टोरेंट में लंच का आयोजन किया था। इसके बाद सांसद जंतर-मंतर पहुंचे और SIR के खिलाफ प्रदर्शन किया था। केसी वेणुगोपाल बोले- लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रदर्शन के दौरान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में अराजकता विपक्ष नहीं, बल्कि भाजपा, अमित शाह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष लोकतंत्र और देश के आम लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ रहा है।
वेणुगोपाल ने इसे विपक्ष के लिए ‘करो या मरो’ की लड़ाई बताते हुए कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य मतदाताओं और आम लोगों के हितों की रक्षा करना है।
राहुल-प्रियंका के खिलाफ पुलिस ने दर्ज की FIR
वहीं, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ कथित मारपीट और 6 अक्टूबर को आकाशवाणी भवन में प्रवेश करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, इस पूरे मामले में कुल तीन FIR दर्ज की गई हैं।
प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने FIR को लेकर कहा था कि वह इससे डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा था, “मेरे खिलाफ 45 FIR हो चुकी हैं। मैं चाहता हूं 100 FIR हों।”
विपक्षी दल SIR की प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं और इसे लेकर केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *