भाजपा-अकाली गठबंधन पर सचिन पायलट का वार, बोले- साढ़े 5 साल अलग रहे, अब कैसी मजबूरी?

ram

अमृतसर। पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अकाली दल के फिर से एक साथ आने की अटकलों के बीच कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने दोनों दलों पर तीखा हमला बोला। पायलट ने कहा कि जिन कारणों से दोनों का गठबंधन टूटा था, क्या वे कारण अब खत्म हो गए हैं? साढ़े पांच साल तक एक-दूसरे पर ड्रग्स और तीन काले कानूनों को लेकर हमला बोलने वाली दोनों पार्टियां अब चुनाव से ठीक पहले मजबूरी में एक-दूसरे का दामन थाम रही हैं, क्योंकि पंजाब में दोनों अपनी जमीन तलाश रही हैं। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, “भाजपा हारने जा रही है। अभी राजस्थान में जो पंचायत चुनाव हुए हैं, वहां लोगों ने एकतरफा वोट डाला है। एकतरफा वोट कांग्रेस को मिला है, इसलिए भाजपा का जाना तय है। मजबूरी में यह उनकी एक तरह की बेताब कोशिश है। अब वे अपने गठबंधन सहयोगी ढूंढ रहे हैं।” भाजपा-अकाली दल गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि जिस अकाली दल को उन्होंने गठबंधन तोड़ते समय क्या-क्या नहीं कहा और जब किसानों के खिलाफ तीन काले कानून बनाए गए थे तो इसी अकाली दल ने भी भाजपा को क्या-क्या नहीं कहा था। आज ऐसी क्या मजबूरी है कि दोनों फिर वापस एक होने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि जनता के सामने जाकर चुनाव लड़ सकें। पंजाब की जनता जानती है कि जब आम आदमी पार्टी की सरकार को जाना है, तो उसके विकल्प में अगर कोई दल है, जो पंजाब में अपने दम पर मजबूती से खड़ा है, तो वह कांग्रेस है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जब इनका आपस में समझौता खत्म हुआ तो भाजपा ने कई सारी बातें बोलीं। जिन कारणों से दोनों पार्टी का गठबंधन टूटा, क्या वो सारे कारण अब खत्म हो गए। मीडिया में खबर आ रही है कि भाजपा और अकाली दल गठबंधन करने जा रहे हैं। ऐसे में सवाल ये उठता है कि किन बातों से ये गठबंधन टूटा था और अब ऐसा कौन सा बदलाव हुआ कि ये फिर से गठबंधन करने जा रहे हैं। दोनों ही पार्टी पंजाब में अपनी जमीन तलाश रही हैं। चुनाव से ठीक पहले मजबूरन एक-दूसरे का दामन थाम रहे हैं। जनता समझती है कि आप साढे़ पांच साल तो अलग-अलग रहे और क्या-क्या बातें बोलीं, ड्रग्स को लेकर, तीन काले कानून बने, उसको लेकर। दोनों पार्टी को जवाब देना चाहिए कि वो किन कारणों से आज साथ आ रहे हैं।
सचिन पायलट ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी ने 4 नवंबर को संगरूर में घोषणा की थी कि पंजाब के लोगों को इंसाफ चाहिए। इंसाफ की मांग को लेकर हमारे तमाम नेता लगातार यात्राएं, रैलियां और कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। चाहे वह बस यात्रा हो, साइकिल यात्रा हो या पदयात्रा, पंजाब के लोगों को इंसाफ दिलाना हमारी पार्टी का संकल्प है। राहुल गांधी के निर्देश के बाद सभी लोग इस अभियान में पूरी तरह लगे हुए हैं।
एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि दो दिन पहले राजस्थान के लोगों ने भी अपनी राय दे दी है कि अब चिंतन करो। घमंड और अहंकार से काम नहीं चलेगा। भाजपा के डबल इंजन फेल हो चुके हैं। हम लोग बहुमत के साथ पंजाब में सरकार बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *