नई दिल्ली। यूपी विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही रस्साकसी के बीच सहमति बन गई है। सोमवार को दिल्ली में हुई पहली बैठक में सीट बंटवारे का फार्मूला तय हो गया। तीन कैटेगरी में सीटों को बांटा गया है। सपा और कांग्रेस की समन्वय समितियों के बीच करीब एक घंटे तक चली बैठक के बाद दोनों दलों की तरफ से कहा गया कि अगले तीन दिनों में सीटें फाइनल हो जाएंगी। कल फिर एक बार दोनों दलों के बीच बैठक होगी। दोनों ने यह भी साफ कर दिया कि जिस तरह से साथ मिलकर लोकसभा में हराया था, उसी तरह से साथ मिलकर विधानसभा में भी हराएंगे। दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर कांग्रेस और सपा की समन्वय समिति की पहली बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में सपा की तरफ से राज्यसभा सांसद राम गोपाल यादव, यूपी प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, घोसी के सांसद राजीव राय और कैराना सांसद इकरा हसन शामिल हुईं। कांग्रेस की तरफ से बैठक में प्रमोद तिवारी, यूपी के कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और यूपी कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी ने हिस्सा लिया। सूत्रों के अनुसार दोनों दलों ने सीटों को तीन श्रेणियों A, B और C में बांटकर मंथन शुरू किया। ए श्रेणी की वह सीटें हैं जिन्हें आसानी से जीता जा सकता है। इनमें से 55 सीटों पर कांग्रेस ने दावा किया है। बताया जाता है कि अब कल ‘B’ और ‘C’ कैटेगरी की सीटों पर मंथन होगा। इसके बाद सूची का अंतिम खाका तैयार किया जाएगा।
सपा ने कहा, जिताऊ प्रत्याशियों के नाम भी बताएं
बैठक के दौरान समाजवादी पार्टी ने विनिंग कैपेसिटी (जीतने की क्षमता) की नीति पर जोर देते हुए कांग्रेस के सामने एक अहम प्रस्ताव भी रखा। सपा नेताओं ने कहा कि सीटों की सूची के साथ ही संभावित प्रत्याशियों के नाम भी दिए जाएं। सपा की ओर से कहा गया है कि कांग्रेस जिन सीटों पर दावा कर रही है, उनके साथ अपने जिताऊ प्रत्याशियों के नाम भी साझा करे ताकि जमीनी समीकरणों का सही आकलन हो सके।
नंबर नहीं, भाजपा को हराने की रणनीति पर बात
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस की यूपी अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने कहा कि दोनों दलों ने एक-दूसरे पर पूरा विश्वास जताया है। आज की बैठक में किसी नंबर पर बात नहीं हुई है, बल्कि भाजपा को कैसे हराना है, इस रणनीति पर चर्चा हुई है। हमने विश्वास जताया है कि जहां हम मजबूती से लड़ सकते हैं वहां हम लड़ेंगे और जहां सपा मजबूती से लड़ सकती है वहां सपा लड़ेगी। अगले तीन दिनों में सूची फाइनल हो जाएगी। आराधना मिश्रा की ही बातों को सपा नेता रामगोपाल यादव ने दोहराया और तीन दिनों में सूची फाइनल होने की बात कही। वहीं, कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने 2024 के लोकसभा चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि गठबंधन करके ही हम लोकसभा चुनाव लड़े थे, भाजपा को उस समय भी हराया था और इस बार विधानसभा चुनाव में भी फिर मिलकर लड़ेंगे और हराएंगे। अगले तीन दिनों में सब कुछ तय हो जाएगा और फाइनल सूची बन जाएगी। हम दो तिहाई बहुमत से जीतेंगे और भाजपा को एक तिहाई पर रोक देंगे।



