बालोतरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा में देश के पहले ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स को राष्ट्र को समर्पित किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने इसे राजस्थान के औद्योगिक विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। पचपदरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्थानीय निवासियों ने प्रधानमंत्री के दौरे को पूरे मारवाड़ के लिए गर्व का क्षण बताया। लोगों का कहना है कि लंबे समय से जिस परियोजना का इंतजार किया जा रहा था, उसका उद्घाटन अब हकीकत बन गया है। उनका मानना है कि यह परियोजना न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश के औद्योगिक विकास में अहम भूमिका निभाएगी। स्थानीय निवासी कल्याण सिंह ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि रिफाइनरी और जोधपुर एयरपोर्ट जैसी परियोजनाएं पूरे क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने कहा कि उद्योगों के आने से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा, व्यापार बढ़ेगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण बेहतर बुनियादी ढांचे का लाभ सुरक्षा व्यवस्था और आवागमन दोनों को मिलेगा।
एक स्थानीय नागरिक ने कहा कि राजस्थान के लिए यह दिन ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो बड़ी सौगातें लेकर आए हैं। एक तरफ जोधपुर एयरपोर्ट से जुड़ी परियोजनाएं हैं तो दूसरी तरफ पचपदरा की आधुनिक रिफाइनरी, जो आने वाले वर्षों में विकास का नया अध्याय लिखेगी। उन्होंने कहा कि खासकर युवाओं के लिए यह परियोजना उम्मीद की नई किरण लेकर आई है।
एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि यह भारत की सबसे आधुनिक और बड़ी रिफाइनरियों में से एक है। सरकार ने इस परियोजना में भारी निवेश किया है और इसके साथ कई नए पेट्रोकेमिकल उत्पादों का उत्पादन भी शुरू होगा। उनका कहना है कि इस परियोजना से सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रत्यक्ष रूप से लगभग 50 हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है, जबकि अप्रत्यक्ष रूप से एक लाख से अधिक लोगों को काम मिल सकता है। उन्होंने कहा कि जब इस तरह की बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित होती हैं तो आसपास के क्षेत्रों में छोटे उद्योग, परिवहन, होटल, व्यापार और अन्य सेवाओं का भी तेजी से विस्तार होता है।
कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने भी प्रधानमंत्री के दौरे और विकास परियोजनाओं का स्वागत किया। एक महिला ने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार ऐसी योजनाएं शुरू कर रहे हैं जिनका सीधा लाभ आम लोगों, खासकर महिलाओं को मिल रहा है। उन्होंने उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और शौचालय निर्माण जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे महिलाओं का जीवन पहले की तुलना में काफी आसान हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि रिफाइनरी शुरू होने के बाद महिलाओं के लिए भी रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
एक अन्य महिला ने कहा कि यह केवल एक रिफाइनरी नहीं, बल्कि राजस्थान के युवाओं के भविष्य की नई उड़ान है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से इंजीनियरों, तकनीशियनों, ट्रक चालकों, छोटे व्यापारियों और स्थानीय कामगारों सहित विभिन्न वर्गों को रोजगार मिलेगा। साथ ही राजस्थान की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। उनका मानना है कि इससे भारत की ऊर्जा क्षमता भी बढ़ेगी और देश आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और मजबूत कदम बढ़ाएगा।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता रूमा देवी ने भी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि लंबे समय से लोग इस परियोजना के शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। अब जब रिफाइनरी का लोकार्पण हो गया है तो स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद और मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े उद्योग के आने से आसपास के क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और व्यापार जैसी सुविधाओं का भी विकास होता है, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिलता है।
राधा विश्नोई नाम की एक महिला ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा लगातार विकास परियोजनाएं शुरू किए जाने से लोगों में भरोसा बढ़ा है। उन्होंने सड़क, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं में हुए सुधार का भी उल्लेख किया और कहा कि इससे आम लोगों का जीवन आसान हुआ है।
राजस्थान सरकार में मंत्री के.के. विश्नोई ने भी इस अवसर को प्रदेश के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं पचपदरा पहुंचकर रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित कर रहे हैं, जो राजस्थान और देश के विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में लंबे समय से इस परियोजना को गति देने का प्रयास किया जा रहा था और अब यह सपना साकार हो रहा है। उनके अनुसार, लाखों युवाओं के रोजगार से जुड़ी यह परियोजना आने वाले वर्षों में पूरे पश्चिमी राजस्थान की अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगी।

राजस्थान में विकास को मिली नई रफ्तार, रिफाइनरी के लोकार्पण पर लोगों ने जताया पीएम मोदी का आभार
ram


