श्रीगंगानगर। 12 वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह महाराजा गंगासिंह स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त बीकानेर विश्राम मीणा और जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव सहित हजारों ने सामूहिक योगाभ्यास कर आमजन को योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर आशुतोष गुप्ता, प्रदीप धेरड़, शिवप्रकाश तेहरपुरिया, चेष्टा सरदाना, मनीराम स्वामी, निश्चय जनवेजा, पंकज स्वामी, धर्मवीर डुडेजा, मांगीलाल उपाध्याय, अंशुल पारीक, भीष्म शर्मा, एसपी हरिशंकर, एडीएम प्रशासन सुभाष कुमार, जिला परिषद सीईओ गिरधर, एसडीएम गंगानगर नयन गौतम समेत अन्य विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग को जन जन तक पहुंचाने व योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में योग चिकित्सक डॉ. प्रमोद कुमार ने विभिन्न योग आसनों एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया। हजारों की संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग किया। कार्यक्रम के दौरान योग दिवस की थीम के अनुरूप सामूहिक योगाभ्यास, प्राणायाम एवं ध्यान सत्र आयोजित किए गए।
आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक और योग कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. चरणजीत और डॉ. राजकुमार पारीक ने बताया कि आयोजन में जिला प्रशासन, आयुर्वेद विभाग, शिक्षा विभाग तथा विभिन्न सहयोगी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन विक्रम ज्याणी ने किया। इस दौरान “योग भी, वोट भी” की थीम पर उपस्थितजनों को मतदान की शपथ जिला स्वीप उप समन्वयक रमन असीजा द्वारा दिलवाई गई।



