हम शपथ लें कि हमेशा हमारे आस पास सफाई रखेंगे और जितना हो सके श्रमदान करेंगे : नितिन नवीन

ram

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को अल्बर्ट हॉल पर ‘विकसित भारत जन सेवा अभियान’ के तहत आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद नितिन नवीन ने आमजन को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता ही सेवा है, हम संकल्प लें है कि हमेशा हमारे आस पास सफाई रखेंगे और जितना हो सके श्रमदान करेंगे।

नवीन ने कहा कि महात्मा गांधी ने सिर्फ राजनीतिक लड़ाई नहीं लड़ी थी, उन्होंने स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देशभर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है, इस जागरूकता को हमारे व्यवहार में शामिल करें। स्वच्छता कार्यक्रम के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पौधारोपण किया। इसके बाद उन्होंने सफाई कर्मचारियों से मुलाकात की और स्वच्छता मित्रों को दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया एवं बातचीत कर उनके हालचाल जाने।

इस स्वच्छता कार्यक्रम के दौरान प्रदेश प्रभारी संजय भाटिया, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, प्रदेश मंत्री अपूर्वा सिंह, एकता अग्रवाल, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेम चन्द बैरवा, संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी, गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम, सांसद मंजू शर्मा, डॉ. अलका गुर्जर, विधायक कालीचरण सराफ, गोपाल शर्मा, बालमुकुंदाचार्य, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *