स्वस्थ आयु के लिए योग” की थीम पर मनाया गया 12वाँ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

ram

भीलवाड़ा। जिला प्रशासन तथा आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) की थीम पर रविवार को जिला स्तरीय 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन शांति भवन में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल, शहर विधायक अशोक कोठारी, सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया, जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा, प्रभारी सचिव मंजू राजपाल, जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू, अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) प्रतिभा देवठिया, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंद्रभान सिंह भाटी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी आयुवर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान सभी ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संदेश भी वर्चुअल माध्यम से सुना। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में योग को मानवता के लिए भारत की अमूल्य देन बताते हुए इसे स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवन का आधार बताया। जिला नोडल अधिकारी डॉ जीएल शर्मा ने बताया योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित जनसमूह ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। प्रतिभागियों ने योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक समग्र पद्धति है। योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है तथा स्वस्थ एवं संतुलित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वर्तमान समय में बढ़ती जीवनशैली संबंधी चुनौतियों के बीच योग का महत्व और अधिक बढ़ गया है। इस अवसर पर सांसद दामोदर अग्रवाल ने उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को संकल्प भी दिलाया गया कि वे सदैव अपनी सोच में संतुलन बनाए रखेंगे तथा स्वयं, परिवार, कार्यस्थल, समाज एवं विश्व में शांति, आनंद और स्वास्थ्य के प्रसार के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। संकल्प के माध्यम से आत्मविकास, सकारात्मक सोच एवं सामाजिक सद्भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन आयुर्वेद विभाग के पूर्व उपनिदेशक डॉ सत्यनारायण शर्मा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *