जोधपुर के विकास को मिलेगी नई गति : शेखावत

ram

जोधपुर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री एवं जोधपुर सांसद गजेन्द्र सिंह शेखावत ने जोधपुर नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने महापौर निर्वाचित प्रसन्नचंद मेहता एवं सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई और अशेष शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि प्रसन्नचंद मेहता के साथ काम करने का मेरा लंबा अनुभव है। वे कर्मशील और ईमानदार जनसेवक हैं तथा जोधपुर के जन-मन से भली-भांति जुड़े हुए हैं। इस महत्वपूर्ण दायित्व के निर्वहन के लिए वे सर्वथा योग्य हैं।

उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान विकास के नित नए अध्याय लिख रहा है। इस विकास यात्रा को जोधपुर की शहर सरकार भी नई गति प्रदान करेगी।

शेखावत ने कहा कि जोधपुर के नागरिकों की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं को पूरा करने तथा शहर के सर्वांगीण विकास के लिए नागरिकों ने जिस विश्वास के साथ यह जिम्मेदारी सौंपी है, उसे हम सभी मिलकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाने के लिए संकल्पबद्ध हैं।

केंद्रीय मंत्री ने भाजपा के सभी नवनिर्वाचित पार्षदों एवं कार्यकर्ताओं को भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करते हुए जोधपुर के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *