नई दिल्ली। शिमला मिर्च एक ऐसी सब्जी है जो अपनी खास खुशबू और कुरकुरे स्वाद के लिए जानी जाती है। आमतौर पर इसे नूडल्स, पास्ता या मिक्स वेज में डाला जाता है, लेकिन अगर आप इसे एक मेन डिश के रूप में परोसना चाहते हैं, तो भरवां शिमला मिर्च एक बेहतरीन ऑप्शन है। उबले हुए आलू, पनीर और मसालों के चटपटे मिश्रण से भरी हुई शिमला मिर्च जब कड़ाही में धीमी आंच पर पकती है, तो इसका स्वाद लाजवाब हो जाता है। यह डिश जितनी दिखने में खूबसूरत लगती है, खाने में उतनी ही स्वादिष्ट होती है। इसे आप लंच, डिनर या किसी पार्टी के मेन्यू में शामिल कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने की बेहद आसान और परफेक्ट रेसिपी।
सामग्री
शिमला मिर्च- 4 मध्यम आकार की
उबले हुए आलू- 4 (मैश किए हुए)
पनीर- 50 ग्राम (कद्दूकस किया हुआ)
प्याज- 1 बारीक कटा हुआ
हरी मिर्च- 2 बारीक कटी हुई
अदरक-लहसुन का पेस्ट- 1 छोटा चम्मच
हरा धनिया- बारीक कटा हुआ
मसाले- आधा छोटा चम्मच हल्दी, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर, आधा छोटा चम्मच गरम मसाला, 1 छोटा चम्मच आमचूर पाउडर
जीरा और हींग- तड़के के लिए
नमक- स्वादानुसार
तेल- 3-4 बड़े चम्मच
बनाने की विधि
सबसे पहले शिमला मिर्च को धोकर अच्छी तरह सुखा लें। अब एक चाकू की मदद से शिमला मिर्च के ऊपर के डंठल वाले हिस्से को गोल काट कर निकाल लें।
इसके बाद अंदर के सारे बीज और सफेद रेशों को चम्मच की मदद से साफ कर लें, ताकि अंदर स्टफिंग भरने के लिए अच्छी जगह बन जाए।
अब एक कड़ाही में एक बड़ा चम्मच तेल गरम करें। तेल गरम होने पर इसमें जीरा और एक चुटकी हींग डालें। फिर इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर सुनहरा होने तक भूनें।
इसके बाद आंच धीमी करें और हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालें। मसालों को कुछ सेकंड के लिए भूनें। अब इसमें मैश किए हुए उबले आलू और कद्दूकस किया हुआ पनीर डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाते हुए 2-3 मिनट तक भूनें।
लास्ट में गरम मसाला, आमचूर पाउडर और बारीक कटा हरा धनिया डालकर मिलाएं। आपकी चटपटी स्टफिंग तैयार है। इसे एक प्लेट में निकालकर ठंडा होने दें।
जब आलू का मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए, तो एक चम्मच या हाथों की मदद से इसे तैयार की गई शिमला मिर्च के अंदर दबा-दबाकर अच्छी तरह भर दें। ऊपर तक मसाले को बराबर कर लें ताकि पकते समय मसाला बाहर न निकले।
इसके बाद उसी कड़ाही में 2 बड़े चम्मच तेल गरम करें और भरी हुई शिमला मिर्च को कड़ाही में सीधा खड़ा करके रख दें। कड़ाही को ढक दें और धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक पकने दें।
इसके बाद ढक्कन हटाकर शिमला मिर्च को चिमटे की मदद से धीरे से दूसरी तरफ पलट दें। इसे चारों तरफ से घुमा-घुमाकर तब तक पकाएं जब तक कि शिमला मिर्च की बाहरी त्वचा हल्की नरम न हो जाए और उस पर हल्के भूरे रंग के निशान न आ जाएं।
ध्यान रहे कि इसे धीमी आंच पर ही पकाना है ताकि शिमला मिर्च अंदर तक सॉफ्ट हो जाए और जले भी नहीं।
सर्विंग टिप्स
आपकी गरमा-गरम, मसालेदार और खुशबूदार भरवां शिमला मिर्च बनकर पूरी तरह तैयार है। इसे कड़ाही से निकालकर ऊपर से थोड़े से बारीक कटे धनिए या कद्दूकस किए हुए पनीर से गार्निश करें। इसे आप गरमा-गरम पराठे, पूरी या दाल-चावल के साथ साइड डिश के रूप में परोस सकते हैं।



