नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से देशभर में 03 मई को NEET UG 2026 की परीक्षा आयोजित कराई गई थी। इस परीक्षा में लगभग 23 लाख छात्र शामिल हुए थे। लेकिन पेपर लीक मामले के कारण परीक्षा को रद कर दिया गया और अब री-एग्जाम 21 जून को आयोजित कराया जाएगा। जैसा की एनटीए ने कहा था कि री-एग्जाम में शामिल होने वाले छात्रों से कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। साथ ही छात्रों को फीस भी वापस की जाएगी। लेकिन फीस वापस लेने के लिए छात्रों को एनटीए की वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना होगा। बता दें, एनटीए की ओर से वेबसाइट पर फीस रिफंड लिंक को जल्द ही एक्टिव किया जाएगा। छात्र आवेदन करके अपनी फीस वापस ले सकते हैं।
फीस रिफंड के लिए आवेदन जल्द शुरू
एनटीए की ओर से नीट यूजी परीक्षा में शामिल हुए छात्रों को अब फीस रिफंड की जा रही है। फीस रिफंड के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी। जो छात्र 03 मई को नीट यूजी की परीक्षा में शामिल हुए थे। वे अब फीस रिफंड के लिए आवेदन कर सकते हैं।
रिफंड के लिए इन डिटेल्स को भरना जरूरी
आवेदन करने के लिए छात्रों को सबसे पहले एनटीए की ऑफिशियल वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाना होगा। इसके बाद लॉगिन क्रेडेंशियल का उपयोग करके लॉगिन करना होगा। अब बैंक अकाउंट की सही डिटेल को दर्ज करना होगा और फॉर्म सबमिट करना होगा। फॉर्म समबिट करने के बाद फीस आपके बैंक खाते में भेज दी जाएगी।
कैटेगरी के आधार पर होगी फीस रिफंड
नीट यूजी परीक्षा के लिए आवेदन करते समय छात्रों से कैटेगरी के आधार पर फीस वसूली गई थी। जनरल उम्मीदवारों ने 1,700 रुपये, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों ने 1600 रुपये, एससी एवं एसटी उम्मीदवारों ने 1000 रुपये और विदेशी उम्मीदवारों से 9500 रुपये फीस वसूली गई थी।



