साझे आनन्द का उत्सव है पंच दिवसीय दीपावली पर्व : देवनानी

ram

जयपुर। राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। श्री देवनानी ने कहा है कि पंच दिवसीय दीपोत्सव साझे आनन्द का उत्सव है। इस त्यौहार को सभी लोग आपस में मिल-जुल कर मनाएं और समाज में आपसी सौहार्द, स‌द्भाव और खुशहाली का वातावरण बनायें। श्री देवनानी ने कहा है कि दीपावली सभी के जीवन में खुशी लायें। सभी लोग निरन्तर अपने-अपने कार्य क्षेत्रों में प्रगति करते रहे। सभी लोग सुखी रहें। पांच दिवसीय दीपावली पर्व के प्रत्येक दिन का अपना विशेष महत्व है। उन्‍होंने कहा कि धनतेरस हमें समृद्धि एवं आरोग्य का संदेश देता है, रूप चौदस आत्मशुद्धि और सकारात्मकता की प्रेरणा देती है, दीपावली भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन और विजय का स्मरण कराती है, गोवर्धन पूजा प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है तथा भाई दूज भाई-बहन के पवित्र स्नेह और पारिवारिक संबंधों की मजबूती का प्रतीक है। विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने कहा कि पंच दीपोत्सव हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारिवारिक परंपराओं और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का अवसर है। हमें इस पावन पर्व पर स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देने, जरूरतमंदों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने तथा पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लेना चाहिए। श्री देवनानी ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे, सौहार्द एवं सद्भाव के साथ मनाएं और राजस्थान की गौरवशाली संस्कृति एवं परंपराओं को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कामना की कि दीपावली का यह पावन पर्व प्रदेश के प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, आरोग्य एवं खुशहाली लेकर आए तथा राजस्थान विकास, उन्नति और प्रगति के नए आयाम स्थापित करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *