बिना तंदूर के घर पर बनाएं रेस्टोरेंट जैसा ‘बटर गार्लिक नान’, लोहे के तवे की सीक्रेट ट्रिक आएगी काम

ram

नई दिल्ली। रेस्टोरेंट या ढाबे में दाल मखनी, शाही पनीर जैसी डिशेज के साथ हमारी पहली पसंद गरमा-गरम तंदूरी बटर गार्लिक नान होती है। लहसुन और बटर का स्वाद और तंदूर की सोंधी महक इसे हर किसी का फेवरेट बनाती है। हालांकि, ज्यादातर लोग मानते हैं कि रेस्टोरेंट जैसा नान बिना तंदूर के घर पर बनाना नामुमकिन है, लेकिन आप इसे अपनी रसोई में भी लोहे के तवे पर आसानी से बना सकते हैं, वो भी बिना स्वाद के साथ कॉम्प्रोमाइज किए। आइए जानें तंदूरी बटर गार्लिक नान बनाने की एकदम आसान रेसिपी।

घर पर बिना तंदूर के तंदूरी बटर गार्लिक नान बनाने की रेसिपी
कुल समय : 20 mins
तैयारी का समय : 10 mins
पकाने का समय :10 mins
कोर्स : Main Course
कैलोरी : 700
सर्विंग : 2 लोगों के लिए

व्यंजन : Indian
तंदूरी बटर गार्लिक नान बनाने के लिए सामग्री:
मैदा- 2 कप
दही- 1/4 कप (ताजा)
बेकिंग पाउडर- 1 छोटा चम्मच
बेकिंग सोडा-1/4 छोटा चम्मच
चीनी- 1 छोटा चम्मच
नमक- स्वादानुसार
तेल या पिघला हुआ बटर- 2 बड़े चम्मच
बारीक कटा हुआ लहसुन- 3-4 बड़े चम्मच
बारीक कटा हरा धनिया- आधा कप
कलौंजी या काले तिल- 1 बड़ा चम्मच
बटर (नान के ऊपर लगाने के लिए)

तंदूरी बटर गार्लिक नान बनाने की विधि:
1
सबसे पहले एक बड़े बर्तन या परात में मैदा छान लें। अब इसमें नमक, चीनी, बेकिंग पाउडर और बेकिंग सोडा डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद बीच में थोड़ी जगह बनाकर दही और दो चम्मच तेल या पिघला हुआ बटर डालें। सभी चीजों को हाथों से मिक्स करें और गुनगुने पानी की मदद से बिल्कुल सॉफ्ट आटा गूंथ लें।

2
अब गूंथे हुए आटे पर थोड़ा सा तेल लगाएं, इसे एक गीले सूती कपड़े से ढक दें और कम से कम 1 से 2 घंटे के लिए किसी गर्म जगह पर रख दें। इससे आटा अच्छी तरह फर्मेंट हो जाएगा और नान एकदम फूले-फूले और सॉफ्ट बनेंगे।

3
आटे को थोड़ी देर छोड़ने के बाद एक बार फिर हल्के हाथों से आटे को मल लें। अब इसकी मध्यम आकार की लोइयां बना लें। एक लोई लें, उस पर थोड़ा सा सूखा मैदा छिड़कें और इसे बेलन से ओवल या गोल आकार में नान बेल लें, लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि नान बहुत ज्यादा पतला न हो।

4
अब बेले हुए नान के ऊपरी हिस्से पर बारीक कटा हुआ लहसुन, हरा धनिया और थोड़ी सी कलौंजी छिड़कें। अब बेलन को इसके ऊपर एक बार हल्के से चला दें, ताकि ये सभी चीजें आटे में अच्छी तरह चिपक जाएं।

5
अब नान को सावधानी से पलटें, ताकि लहसुन वाला हिस्सा नीचे चला जाए। इसके पिछले सादे हिस्से पर ब्रश या उंगलियों की मदद से अच्छी तरह पानी लगा दें। यह पानी नान को तवे पर चिपकाने में मदद करेगा, जिससे बिल्कुल तंदूर जैसा टेक्सचर मिलता है।

6
अब एक लोहे का तवा तेज गर्म करें। पानी वाले हिस्से को नीचे रखते हुए नान को गर्म तवे पर डालें। कुछ ही सेकंड में आप देखेंगे कि नान के ऊपर बुलबुले उठने लगे हैं।

7
जब नान नीचे से सिक जाए, तो तवे को हैंडल से पकड़कर उल्टा करें और सीधे आंच के ऊपर थोड़ा ऊंचा रखते हुए चारों तरफ घुमाकर लहसुन वाले हिस्से को सेकें। जब इस पर गोल्डन-ब्राउन स्पॉट्स आ जाएं, तो समझें नान तैयार है।

8
नान को तवे से चिमटे से निकालें और पिघला हुआ बटर लगाकर सर्व करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *