नेपाल त्रासदी : राजस्थान सरकार का बड़ा फैसला, वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत पशुपतिनाथ जी की यात्रा 31 अगस्त तक स्थगित

ram

जयपुर। नेपाल में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा और कठिन परिस्थितियों के बीच राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए एक बड़ा और अहम निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत नेपाल के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शनों के लिए जाने वाले बुजुर्ग तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए इस यात्रा को फिलहाल पांच दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। देवस्थान मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार काठमांडू (नेपाल) की इस हवाई यात्रा को 27 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक के लिए रोक दिया गया है।

सुरक्षा से कोई समझौता नहीं : देवस्थान मंत्री
देवस्थान मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार के लिए अपने वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सेहत सबसे पहली प्राथमिकता है। नेपाल में आई इस भीषण त्रासदी के बाद वहां के हालात और बुनियादी ढांचा प्रभावित हुआ है। ऐसी स्थिति में बुजुर्गों को किसी भी प्रकार की असुविधा या जान-माल का खतरा न हो, इसलिए बेहद सतर्कता बरतते हुए यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने का संवेदनशील निर्णय लिया गया है।

हालात सामान्य होते ही फिर उड़ान भरेंगे बुजुर्ग
मंत्री कुमावत ने राजस्थान के वरिष्ठ नागरिकों और उनके परिवारों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि तीर्थयात्रियों को निराश होने की आवश्यकता नहीं है। देवस्थान विभाग नेपाल के घटनाक्रम और वहां के मौसम व सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए है। जैसे ही नेपाल में परिस्थितियां पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में होंगी, इस यात्रा को दोबारा पूरी सुरक्षा के साथ सुचारू (री-शेड्यूल) कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *