बालोतरा जिला मुख्यालय पर बनेगा 23 करोड़ की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक

ram

बालोतरा। बालोतरा जिला मुख्यालय पर स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नाहटा चिकित्सालय के सामने 23 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड क्षमता वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। बुधवार को इसके निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया। भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर विकास न्यास सचिव अशोक कुमार, उपखंड अधिकारी राजेश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष भरत मोदी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश जादू तथा प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. कमलेश चौधरी सहित जनप्रतिनिधि एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
क्रिटिकल केयर ब्लॉक के निर्माण से बालोतरा जिले में गंभीर एवं अति गंभीर मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने की उम्मीद है। वर्तमान में गंभीर स्थिति वाले कई मरीजों को उच्च स्तरीय उपचार के लिए जोधपुर सहित अन्य बड़े चिकित्सा संस्थानों में रेफर करना पड़ता है। नया ब्लॉक तैयार होने के बाद गंभीर मरीजों को जिला मुख्यालय पर ही आवश्यक उपचार एवं क्रिटिकल केयर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश जादंू ने बताया कि बालोतरा जिले में पचपदरा रिफाइनरी के संचालन एवं औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ जिले में उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता भी बढ़ी है। ऐसे में जिला मुख्यालय पर 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद गंभीर मरीजों को उपचार के लिए अनावश्यक रूप से जोधपुर रेफर करने की आवश्यकता कम होगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को समय एवं संसाधनों की बचत के साथ जिला मुख्यालय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष भरत मोदी ने कहा कि विधायक डॉ. अरुण चौधरी की अनुशंसा एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर एवं सुलभ बनाने के विजन के अनुरूप बालोतरा जिला मुख्यालय पर 23 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। क्रिटिकल केयर ब्लॉक के निर्माण से आमजन को गंभीर बीमारी एवं आपात स्थिति में बेहतर उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा तथा जिला मुख्यालय पर ही उन्नत चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
क्रिटिकल केयर ब्लॉक में गंभीर एवं अति गंभीर मरीजों को तत्काल और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जायेगी। जिला मुख्यालय पर इस तरह की सुविधा विकसित होने से आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही चिकित्सा सेवाओं का विस्तार होने से बालोतरा जिले के लोगों का स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अन्य जिलों पर निर्भरता भी कम होगी।
इस अवसर पर पूर्व सभापति सुमित्रा जैन, महेश बी. चौहान, पारस भंडारी, नगर मंडल अध्यक्ष योगेश गहलोत, स्थानीय जनप्रतिनिधि भवानी सिंह टापरा, त्रिलोकचंद माली, मदन चोपड़ा समेत सभी जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *