जयपुर। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग ने प्रवासी राजस्थानी दिवस कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी हैं और आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार को शासन सचिवालय में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि प्रवासी राजस्थानियों और उद्योगपतियों के स्वागत, होटल, परिवहन, सुरक्षा, यातायात, शहर के सौंदर्यीकरण और प्रचार-प्रसार सहित सभी तैयारियों को समय से पूर्व पूरी कर ली जाएं। साथ ही, मुख्य समारोह में निवेश परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग, प्रवासी राजस्थानी सम्मान पुरस्कार, सेक्टोरल सत्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित सभी गतिविधियों के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल ने बताया कि मुख्य आयोजन 10 दिसंबर को जयपुर स्थित जेईसीसी में होगा। उद्घाटन सत्र के साथ ही प्रवासी राजस्थानी, उद्योग, पर्यटन, ऊर्जा, नगरीय विकास और खनिज पर आधारित 6 सेक्टोरल सत्र आयोजित किए जाएंगे। मुख्य आयोजन में 4 हजार से अधिक प्रवासी और उद्योगपति शामिल होंगे। इस दौरान राइजिंग राजस्थान के तहत प्राप्त निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग भी की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि देश-विदेश में बसे प्रवासी राजस्थानियों और उद्योगपतियों को आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। इसके क्रम में बेंगलुरू, भुवनेश्वर, कोलकाता और गुवाहाटी में प्रवासी राजस्थानी मीट का आयोजन किया जा चुका है।
दूसरा प्रवासी राजस्थानी दिवस—
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट-2024 में 10 दिसंबर को हर वर्ष प्रवासी राजस्थानी दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इस क्रम में दूसरा प्रवासी दिवस आगामी 10 दिसंबर आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रवासी राजस्थानियों को एक मंच प्रदान करना और उन्हें अपनी जड़ों से जोड़ना है।



