दिल्ली दौरे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की केंद्रीय मंत्रियों से अहम मुलाकातें, राजस्थान के विकास से जुड़े मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

ram

नई दिल्ली/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों से शिष्टाचार भेंट कर राजस्थान के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इन बैठकों में ऊर्जा, जल संसाधन, कृषि, आवास, शहरी विकास, वित्तीय सहयोग तथा केंद्र-राज्य समन्वय सहित कई अहम मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले केंद्रीय ऊर्जा तथा आवास एवं शहरी मामलात मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की। बैठक के दौरान राजस्थान में ऊर्जा क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने, आवास योजनाओं, शहरी विकास परियोजनाओं तथा अन्य विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा दिए जा रहे निरंतर सहयोग के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार भी व्यक्त किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से भेंट कर राज्य की विभिन्न जल परियोजनाओं की प्रगति और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की। बैठक में जल जीवन मिशन, यमुना जल परियोजना, राम जल सेतु लिंक परियोजना सहित राजस्थान के दीर्घकालिक जल प्रबंधन और पेयजल उपलब्धता से जुड़े विषय प्रमुख रूप से शामिल रहे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलात मंत्री निर्मला सीतारमण से भी शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश के विकास से संबंधित विभिन्न विषयों, केंद्र-राज्य समन्वय को और मजबूत बनाने तथा विकास परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर सकारात्मक चर्चा हुई। अपने दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने कृषि मंत्रालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में भाग लिया, जिसमें राजस्थान के कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की प्रगति, किसानों के हितों तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री की इन बैठकों को राजस्थान के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से ऊर्जा, जल, कृषि, शहरी विकास और आधारभूत संरचना से जुड़ी कई परियोजनाओं को गति मिलेगी, जिससे प्रदेश के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *