जयपुर। “जब भी राजस्थान ने कोई सपना देखा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उसे हमेशा साकार किया है।” यह बात पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शनिवार को जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) स्टेडियम के इनडोर हॉल में आयोजित एक गरिमामय समारोह में कही। अवसर था—प्रधानमंत्री द्वारा जयपुर मेट्रो के द्वितीय फेज के वर्चुअल शिलान्यास और नव-नियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण का, जहां राजे मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर रही थीं। समारोह को संबोधित करते हुए वसुंधरा राजे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार का दिन राजस्थान के लिए एक ऐतिहासिक ‘सौगात दिवस’ बना दिया है। उन्होंने विकास कार्यों की निरंतरता को रेखांकित करते हुए कहा कि मोदी ने ही 16 जनवरी 2018 को बाड़मेर (पचपदरा) रिफाइनरी की नींव रखी थी और आज उन्होंने ही इसका भव्य उद्घाटन कर देश को समर्पित किया है। राजे ने जयपुर मेट्रो के सफर को याद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के ही सशक्त नेतृत्व में 3 जून 2015 को जयपुर की पहली मेट्रो लाइन की शुरुआत हुई थी। अब उन्होंने ही मेट्रो फेज-2 की नींव रखकर ‘विकसित भारत-विकसित राजस्थान’ की परिकल्पना को धरातल पर आगे बढ़ाने का काम किया है, जिससे निश्चित तौर पर ‘न्यू इंडिया’ मिशन को नए पंख लगेंगे। इस दौरान उन्होंने राज्य की प्रगति के लिए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को भी बधाई दी।
एसएमएस स्टेडियम में आयोजित इस गरिमापूर्ण कार्यक्रम में पहुंचने पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का वहां मौजूद मंत्रियों, जनप्रतिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
राजे का स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन (UDH) मंत्री झाबर सिंह खर्रा, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, मालवीय नगर विधायक कालीचरण सराफ, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, जयपुर मेट्रो के चेयरमैन वैभव गालरिया तथा जयपुर जिला कलेक्टर संदेश नायक शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान राजे ने विभिन्न विभागों में चयनित होकर आए नव-नियुक्त युवाओं को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपे और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जयपुर मेट्रो फेज-2 के शिलान्यास पर नव-नियुक्त युवाओं को वसुंधरा राजे ने बांटे नियुक्ति पत्र
ram


