मानसून से पहले उपखण्ड स्तर पर आपदा प्रबन्धन योजना तैयार करने के निर्देश सेवा शिविरों में प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाए: जिला कलक्टर

ram

सवाई माधोपुर। जिला कलक्टर काना राम ने उपखण्ड अधिकारियों को मानसून से पहले स्थानीय स्तर पर आपदा प्रबन्धन के लिए विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना में जलभराव की स्थिति वाले संदिग्ध क्षेत्रों तथा आपदा से बचाव के लिए उपलब्ध संसाधनों का पूरा ब्यौरा होना चाहिए। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों में आने वाले प्रकरणों का निस्तारण त्वरित गति से करने तथा लाभार्थियों का विवरण संबंधित पोर्टल पर सही सूचनाओं के साथ दर्ज करने के निर्देश दिए। कलक्टर ने सोमवार को उपखण्ड अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फेंस बैठक में निर्देश दिए कि पिछले वर्ष जिले में हुई अतिवृष्टि तथा जलभराव की स्थिति के अनुभव के आधार पर आगामी दिनों में आपदा के खतरों को चिन्हित किया जाए तथा नगरीय क्षेत्रों में नालों की साफ-सफाई का कार्य जल्द पूरा हो। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबन्धन के लिए उपखण्ड स्तर पर कन्ट्रोल रूम स्थापित किया जाए तथा आवश्यक मानव संसाधन को नियोजित किया जाए। उन्होंने जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता के आधार पर सूची संधारित करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने राजस्थान संपर्क पोर्टल एवं जनसुनवाई में आने वाले प्रकरणों के निस्तारण होने के बाद उनका सत्यापन उपखण्ड अधिकारी और तहसीलदार के स्तर पर किया जाना आवश्यक है। इस कार्य की निगरानी राज्य सरकार में उच्चतम स्तर पर हो रही है, इसलिए इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। काना राम ने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों में आधार पंजीकरण और अपडेशन का कार्य किया जाना आवश्यक है। इसके लिए शिविर के प्रभारी आमजन की सुविधा के लिए वहां ई-मित्र या आधार केन्द्र संचालकों की उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के अधिकारियों की ओर से प्रयास होना चाहिए कि शिविरों में खातेदारी के म्यूटेशन, सीमाज्ञान, आपसी सहमति से बटवारा, जमाबंदी में शुद्धिकरण आदि कार्याे का निस्तारण किया जाए। इसके लिए प्री-कैम्प गतिविधियों के माध्यम से प्रकरणों की पहचान कर योजनाबद्ध रूप से इनका निस्तारण करते हुए शिविर की सफलता के रूप में दर्ज करें। उन्होंने कहा कि सेवा शिविरों के दौरान चारागाह, सरकारी रास्तों और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटवाने तथा आबादी विस्तार के प्रकरणों के साथ-साथ फार्मर रजिस्ट्री में किसानों के पंजीकरण करने कार्यो में भी तेजी लाई जाए। उन्होंने शिविर में लाभार्थियों के नाम, मोबाइल नंबर और पते आदि का सही विवरण दर्ज करने तथा संबंधित सूचनाएं पोर्टल पर तत्काल अपलोड करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 4 जुलाई को बालोतरा जिले के पचपदरा में राजस्थान रिफाइनरी के लोकार्पण कार्यक्रम के ग्राम पंचायत एवं उपखण्ड स्तर तक सीधे प्रसारण के लिए सभी उपखण्ड अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में आम लोगों के बैठने तथा पानी आदि की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *