वन राज्य मंत्री ने किया गोडावण ब्रीडिंग सेंटर का निरीक्षण— राज्य पक्षी गोडावण के संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध ब्रीडिंग सेंटरों से बढ़ रही संख्या एवं प्रजनन क्षमता

ram

जयपुर। वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने गुरुवार को जैसलमेर के सम क्षेत्र स्थित गोडावण ब्रीडिंग सेंटर का निरीक्षण कर वहां संचालित संरक्षण एवं प्रजनन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सेंटर में उपलब्ध सुविधाओं, संरक्षण गतिविधियों एवं गोडावण संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। वन राज्य मंत्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार राजस्थान के राज्य पक्षी गोडावण (ग्रेट इंडियन बस्टर्ड) के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रभावी कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वन विभाग द्वारा संचालित ब्रीडिंग सेंटर गोडावण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इन प्रयासों से गोडावण की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है एवं उनकी प्रजनन क्षमता में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोडावण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए एवं प्राकृतिक आवासों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए इस दुर्लभ पक्षी को सुरक्षित रखा जा सके। इस दौरान जैसलमेर विधायक छोटूसिंह भाटी, समाजसेवी दलपत हिंगड़ा, सवाई सिंह गोगली, डीएफओ बृजमोहन गुप्ता, वन विभाग के अधिकारी व कार्मिक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *