जयपुर। पश्चिम एशिया में चल रहे ऊर्जा संकट के बीच देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पीएनजी कनेक्शन के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा आमजन तक सुरक्षित एवं सुलभ ऊर्जा पहुंचाने के लिए पीएनजी नेटवर्क विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला कलक्टर संदेश नायक ने बुधवार शाम को रंगोली गार्डन्स सोसाइटी में प्रथम घरेलू पीएनजी कनेक्शन का शुभारंभ किया, जिससे सोसाइटी में पीएनजी आपूर्ति औपचारिक रूप से प्रारंभ हो गई है। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने रंगोली गार्डन्स सोसाइटी के निवासियों से अधिकाधिक संख्या में पीएनजी कनेक्शन के लिए पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि पीएनजी न केवल एलपीजी की तुलना में अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक है, बल्कि यह किफायती भी है तथा देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह ने बताया कि जयपुर जिले में अब तक 17 हजार 943 से अधिक घरों को पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के पीएनजीआरबी की ओर से राजधानी जयपुर में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन के लिए टोरेंट गैस जयपुर प्राइवेट लिमिटेड अधिकृत है। सरकार स्वच्छ एवं सुरक्षित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है तथा शहर में पीएनजी नेटवर्क विस्तार कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जा रहा है। जिला प्रशासन एवं संबंधित एजेंसियां आमजन तक बेहतर ऊर्जा सुविधाएं पहुंचाने के लिए समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं। इस दौरान उपखण्ड अधिकारी जयपुर शहर, शैलेश कुमार शर्मा, हृदेश कुमार, शोभित सक्सेना, आलोक रूपराय, अमित जांगिड़, सतीश बेलवाल , शान्तनु चौधरी आदि उपस्थित थे।

कलेक्टर संदेश नायक ने की पीएनजी कनेक्शन अपनाने की अपील- रंगोली गार्डन्स सोसाइटी में प्रथम घरेलू पीएनजी कनेक्शन का शुभारंभ
ram


