संभल हिंसा को लेकर मंगलवार को संसद में एक बार फिर हंगामा हुआ। इस दौरान समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर आरोप लगाए। लोकसभा में बोलते हुए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि संभल भाईचारे के लिए जाना जाता था लेकिन संभल के भाईचारे को गोली मारी गई है। उन्होंने दावा किया कि संभल में जो घटना हुई है वह सोची समझी साजिश है और संभल में भाईचारे पर गोली चलाई गई है। भाजपा और उसके सहयोगी देश भर में जो खुदाई की बातें कर रहे हैं, उससे देश का भाईचारा खत्म हो जाएगा।
अखिलेश ने कहा कि ये सरकार संविधान को नहीं मानती। 19 नवंबर को सर्वे की याचिका दायर की गई। दूसरे पक्ष को सुने बिना सर्वे का आदेश दे दिया गया। एकबार सर्वे के बाद जब ये हो गया कि अब रिपोर्ट कोर्ट में पेश की जाएगी, फिर सर्वे की क्या जरूरत थी। उन्होंने दावा किया कि लोगों को पुलिस ने नमाज पढ़ने से रोका गया। लोगों ने दोबारा सर्वे की वजह जाननी चाही तो पुलिस प्रशासन ने बेकसूरों को गोली मारी। संभल में माहौल बिगाड़ने वालों और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। ये लखनऊ और दिल्ली की लड़ाई है।



