जयपुर। राजस्थान में आगामी पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर कांग्रेस ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस के पीसीसी वार रूम में प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा और राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा की अध्यक्षता में कैंपेन कमेटी की बैठक हुई। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, एआईसीसी महासचिव सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। जिलेवार प्रचार रणनीति तैयार करेगी कांग्रेस
बैठक में पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में व्यापक प्रचार अभियान चलाने को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई। पार्टी की ओर से तय किया गया कि प्रदेश के वरिष्ठ नेता अपने प्रभार वाले जिलों के अलावा उन क्षेत्रों में भी प्रचार के लिए जाएंगे, जहां जिला कांग्रेस कमेटियों की ओर से उन्हें आमंत्रित किया जाएगा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जनसभाओं सहित अन्य प्रचार गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी जिला कांग्रेस कमेटियों और वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर जिलेवार प्रचार कार्यक्रम तैयार करेगी।
पार्टी की ओर से पंचायत चुनावों के लिए स्थानीय मुद्दों, प्रत्याशी चयन और संगठनात्मक समन्वय पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
डोटासरा बोले- पारदर्शिता के साथ हो प्रत्याशी चयन
इसके बाद प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर जिला प्रभारियों, सहप्रभारियों और जिलाध्यक्षों की संयुक्त बैठक भी हुई। डोटासरा ने कहा कि सभी जिलों में जिला कांग्रेस कमेटियों की पॉलिटिकल अफेयर कमेटी के माध्यम से पारदर्शी तरीके से प्रत्याशियों का चयन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में जिले के विधायक, विधायक प्रत्याशी, पूर्व विधायक, सांसद, सांसद प्रत्याशी, पंचायत राज संस्थाओं के पूर्व जनप्रतिनिधि, अग्रिम संगठनों तथा विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को शामिल किया जाए।
डोटासरा ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से पंचायत समितियों तथा जिला परिषदों में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।
निकाय चुनावों को लेकर भाजपा पर लगाया आरोप
डोटासरा ने आरोप लगाया कि हाल ही में हुए निकाय चुनावों के दौरान भाजपा ने लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग किया तथा कांग्रेस और कांग्रेस समर्थित पार्षदों एवं नेताओं के साथ दुर्व्यवहार किया। कांग्रेस इससे पहले भी निकाय चुनावों के दौरान पुलिस-प्रशासन के कथित हस्तक्षेप की जांच की मांग कर चुकी है। पार्टी ने आगामी पंचायत चुनाव में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति नहीं होने की मांग उठाई है।
ग्रामीण विकास के मुद्दों को जनता तक ले जाने की तैयारी
डोटासरा ने कहा कि पंचायत चुनावों में कांग्रेस ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, दलितों और पिछड़े वर्गों के लिए किए गए कार्यों तथा महिलाओं और युवाओं के लिए पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों की योजनाओं को जनता के बीच लेकर जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कैंपेन कमेटी के सदस्य और वरिष्ठ कांग्रेस नेता आवश्यकता के अनुसार विभिन्न जिलों में जाकर चुनाव प्रचार में हिस्सा लेंगे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी राहुल गांधी की लोकतंत्र और मताधिकार को लेकर चल रही मुहिम को आगे बढ़ाते हुए पंचायत चुनावों में मजबूती से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव में भाजपा का मुकाबला मजबूती से करेगी। राजस्थान में पंचायत राज चुनावों की तैयारियां अब तेज हो गई हैं। कांग्रेस पहले ही प्रत्याशी चयन, स्थानीय संगठन के समन्वय और प्रचार अभियान को लेकर बैठकों का सिलसिला शुरू कर चुकी है।

डोटासरा ने पंचायत चुनाव के लिए बनाई कांग्रेस की चुनावी रणनीति, बोले- एकजुट होकर मैदान में उतरें नेता-कार्यकर्ता
ram


