नई दिल्ली। गर्मियों के मौसम में फैशन एक्सपेरिमेंट का बेहतर मौका मिलता है लेकिन तेज धूप और टैनिंग का खतरा भी बढ़ जाता है। हर लड़की चाहती है कि वह स्टाइलिश और ग्लैमरस दिखे, लेकिन गर्मियों में सूरज की हानिकारक किरणों से त्वचा को भी बचाना होता है। खासकर तब जब आपको घर से बाहर निकलना है और ज्यादा समय बाहर ही बितना हो।
गर्मी से राहत पाने के लिए लड़कियां स्लीवलेस, नूडल स्ट्रेप या कई तरह के ऐसे परिधानों का चयन करना चाहती हैं जो स्टाइल, ग्लैमर के साथ ही गर्मी व पसीने से राहत देने वाले हों लेकिन इस तरह के परिधानों से टैनिंग की समस्या भी हो सकती है।
इस मौसम में दफ्तर, काॅलेज, सफर या आउटिंग के लिए जाने से पहले सही आउटफिट चुनना बेहद जरूरी हो जाता है। सही फैब्रिक, रंग और स्टाइल चुनकर आप न सिर्फ अपने लुक को अपग्रेड कर सकती हैं बल्किन टैनिंग से भी बच सकती हैं। फुल-कवरेज आउटफिट्स, हल्के और ब्रीदेबल फैब्रिक्स और स्मार्ट लेयरिंग आपका बेस्ट फैशन स्टेटमेंट बन सकते हैं।
यहां जानिए ऐसे आउटफिट आइडियाज जो आपको ग्लैमरस लुक भी देंगे और साथ ही आपकी स्किन को भी सुरक्षित रखेंगे। अगर आप स्टाइल और स्किन केयर का परफेक्ट कॉम्बिनेशन चाहती हैं तो ये गाइड आपके लिए ही है।
गर्मियों में फुल लेंथ आउटफिट का चयन कर सकती हैं। मैक्सी ड्रेस स्टाइल, ग्लैम और गर्मी से राहत देने वाली होती है। ध्यान रखें कि ड्रेस की बाजुएं फुल हों या फिर साथ में श्रग या जैकेट को पेयर करके पहनें ताकि टैनिंग से पूरी तरह से बचाव हो सके। साथ में स्कार्फ को भी स्टाइल कर सकती हैं।
आप पलाजो के साथ लाॅन्ग या शाॅर्ट कुर्ता पेयर कर सकती हैं। स्टाइलिश लुक के लिए आजकल को-आर्ड सेट चलन में हैं। इसमें एलिगेंट और ग्लैमरस लुक मिलता है। साथ ही आपकी स्किन को धूप से बचाता है।
घर के बाहर निकलते समय गर्मी, धूप और सूरज की यूवी किरणों से अपनी स्किन को कवर करने के लिए श्रग, किमोनो जैकेट या लाइटवेट ओवरशर्ट्स पहनना एक ट्रेंडी तरीका है । ये आपके आउटफिट में स्टाइल जोड़ते हैं और सीधी सन एक्सपोजर से भी बचाते हैं।



