श्रीगंगानगर। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के दौरान सदस्य पदों लिये प्रथम चरण का मतदान 9 सितम्बर व द्वितीय चरण का मतदान 11 सितम्बर को तथा मतगणना 14 सितम्बर 2026 को होनी नियत है। मतदान दलों की रवानगी, वापसी, संग्रहण, ईवीएम स्ट्रॉंग रूम एवं मतगणना के लिये विभिन्न स्थल, भवन व परिसरों का राजस्थान नगरपालिका नियम 1994 के अंतर्गत 5 सितम्बर से चुनाव प्रक्रिया समाप्ति तक अधिग्रहण किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव ने बताया कि नगरपालिका सूरतगढ़, विजयनगर, रायसिंहनगर, अनूपग़ढ व घडसाना के लिये मतदान दलों की रवानगी 8 सितम्बर को प्रातः 9 बजे होगी तथा 9 सितम्बर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान दलों की रवानगी, वापसी, संग्रहण, ईवीएम स्ट्रॉग रूम तथा मतगणना स्थल के लिये श्री गुरूशरण छाबड़ा राजकीय महाविद्यालय सूरतगढ़, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय विजयनगर, पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय रायसिंहनगर, स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल अनूपगढ़ तथा राजकीय महाविद्यालय घडसाना का अधिग्रहण किया गया है।
इसी प्रकार द्वितीय चरण के लिये श्रीगंगानगर, सादुलशहर, करणपुर, केसरीसिंहपुर, पदमपुर व गजसिंहपुर के लिये 10 सितम्बर को प्रातः 9 बजे मतदान दलों का प्रशिक्षण व रवानगी होगी। 11 सितम्बर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। इसके लिये डॉ. भीमराव अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय श्रीगंगानगर, मूर्ति देवी मेमोरियल बीएड कॉलेज सादुलशहर, ज्ञान ज्योति महाविद्यालय करणपुर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय केसरीसिंहपुर, शहीद केप्टन नवपाल सिंह सिद्धू राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पदमपुर, पटवार प्रशिक्षण शाला गजसिंहपुर का अधिग्रहण किया गया है।
नगर निकाय चुनाव 2026 : मतदान दलों की रवानगी, वापसी, संग्रहण, स्ट्रॉंग रूम व मतगणना के लिये भवनों का अधिग्रहण
ram


