झालावाड़। कृषि विभाग की आत्मा योजना के तहत वर्ष 2026-27 में कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कृषक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए इच्छुक किसान 31 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
आत्मा योजना के परियोजना निदेशक एवं उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक आत्मा पांचूलाल मीना ने बताया कि वर्ष 2026-27 में राज्य, जिला तथा पंचायत समिति स्तर पर विभिन्न कृषि गतिविधियों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले किसानों का चयन कर सम्मानित किया जाएगा। पंचायत समिति स्तर पर पांच गतिविधियों के अंतर्गत एक-एक उत्कृष्ट कृषक का चयन किया जाएगा। इनमें कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन, जैविक खेती तथा नवाचारी खेती शामिल हैं। इस प्रकार प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर कुल पांच कृषकों का चयन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इच्छुक किसान पुरस्कार के लिए आवेदन पत्र आत्मा कार्यालय अथवा अपने क्षेत्र के कृषि पर्यवेक्षक या सहायक कृषि अधिकारी से प्राप्त कर सकते हैं। प्रत्येक कृषक किसी एक गतिविधि के लिए आवेदन कर सकता है। आवेदन निर्धारित तिथि 31 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
परियोजना निदेशक ने बताया कि पंचायत समिति एवं जिला स्तर पर सम्मानित किए जाने वाले कृषकों का चयन आत्मा योजनांतर्गत गठित समिति द्वारा किया जाएगा। इसके पश्चात जिला कलक्टर की अध्यक्षता में गठित आत्मा शासी परिषद से अनुमोदन प्राप्त किया जाएगा।
इतनी मिलेगी पुरस्कार राशि
आत्मा योजना के तहत पंचायत समिति स्तर पर चयनित कृषक को 10 हजार रुपये, जिला स्तर पर 25 हजार रुपये तथा राज्य स्तर पर चयनित कृषक को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। यह पुरस्कार राशि संबंधित गतिविधि में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों को प्रोत्साहन स्वरूप दी जाएगी। जिन कृषकों को पूर्व में आत्मा योजनांतर्गत अथवा किसी अन्य योजना में किसी भी स्तर पर पुरस्कार मिल चुका है, वे कृषक वर्ष 2026-27 के पुरस्कार हेतु पात्र नहीं होंगे। जिले के प्रगतिशील एवं नवाचारी किसानों निर्धारित समयावधि में आवेदन कर आत्मा योजना के अंतर्गत कृषक पुरस्कार का लाभ उठाएं।


