रोडवेज बस और टेंपो की आमने-सामने भिड़ंत, तीन की मौत

ram

जालोर। सड़क पर दौड़ती रोडवेज बस और टेंपो के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत ने तीन लोगों की जिंदगी छीन ली। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों ने उपचार के लिए ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

हादसा गुरुवार दोपहर करीब एक बजे जालोर जिले के रामसीन थाना क्षेत्र में रामसीन से भीनमाल जाने वाले राजमार्ग पर हुआ। यहां रोडवेज बस और टेंपो की आमने-सामने टक्कर हो गई। भिड़ंत के बाद टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस को फोन कर सूचना दी, ताकि घायलों को तत्काल उपचार मिल सके। हालांकि, गंभीर रूप से घायल दो लोगों की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। एक महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलने पर रामसीन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटनाग्रस्त रोडवेज बस तथा टेंपो को जब्त कर लिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस ने बताया मुथला कांबा निवासी ललिता देवी (42) पत्नी रमेश कुमार, उसके बेटे कैलाश (19) और बेटी सुमन कुमारी (17) की मौत हो गई। एक बेटा राजू (8) गंभीर घायल हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *