श्रीगंगानगर। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय नंबर 7 श्रीगंगानगर में शनिवार को स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत के तहत मतदाता जागरूकता गतिविधि का आयोजन किया गया। आगामी चुनावों में आमजन की भागीदारी बढ़ाने और लोकतंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्काउट-गाइड के पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आकर्षक रंगोलियों से सजे कार्यक्रम की शुरुआत सुबह विद्यालय परिसर और आस-पास के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर मतदाता जागरूकता को समर्पित कलाकृतियों के निर्माण से हुई। विद्यालय के छात्र-छात्राओं और स्काउट-गाइड ने मिलकर सार्वजनिक स्थलों पर आकर्षक, रंग-बिरंगी रंगोलियां बनाईं। इन रंगोलियों के माध्यम से लोकतंत्र की खूबसूरती, वोट की कीमत और जिम्मेदार नागरिक के कर्तव्यों को बखूबी दर्शाया गया। संस्था प्रधान कान्ता कटारिया ने उपस्थित जनसमूह, अभिभावकों और विद्यार्थियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता के हाथों में निहित है और मतदान इस शक्ति को प्रकट करने का सबसे बड़ा माध्यम है। आगामी चुनावों में हमारे क्षेत्र से शत-प्रतिशत मतदान होना चाहिए। कोई भी योग्य नागरिक वोट देने से वंचित न रहे। कार्यक्रम के अंतिम चरण में विद्यालय परिसर में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी स्काउट गाइड पदाधिकारियों, शिक्षकों, कार्मिकों और वरिष्ठ छात्र-छात्राओं को देश की लोकतांत्रिक परंपराओं को बनाए रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। सभी ने एक सुर में संकल्प लिया कि वे न केवल स्वयं प्रत्येक चुनाव में अनिवार्य रूप से मतदान करेंगे, बल्कि अपने परिवार, पास-पड़ोस और समाज के अन्य लोगों को भी मतदान केंद्र तक जाने के लिए प्रेरित करेंगे।
नगर निकाय चुनाव 2026 : रंगोली और रैली से दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश
ram


