ईवीएम कमीशनिंग स्टाफ का प्रशिक्षण आयोजित

ram

श्रीगंगानगर। नगर परिषद श्रीगंगानगर आम चुनाव-2026 के मद्देनजर शनिवार को जिला परिषद सभागार में ईवीएम कमीशनिंग स्टाफ का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को ईवीएम कमीशनिंग से संबंधित सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया तथा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों एवं निर्धारित प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी अधिकारी एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अभिषेक जैन ने कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदारी वाला कार्य है। सभी कार्मिक निर्वाचन कार्य को पूरी गंभीरता से लेते हुए अपने दायित्वों का पूर्ण जिम्मेदारी, निष्पक्षता एवं निर्धारित निर्वाचन नियमों के अनुरूप निर्वहन करें।

उन्होंने कहा कि ईवीएम कमीशनिंग की प्रक्रिया में निर्धारित प्रोटोकॉल एवं निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाए। उन्होंने कार्मिकों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण के दौरान दी गई जानकारी एवं प्रक्रिया को अच्छी तरह समझें, ताकि निर्वाचन के दौरान कार्य सुचारू एवं त्रुटिरहित ढंग से संपादित किया जा सके।

प्रशिक्षण के दौरान जिला परिषद के अधीक्षण अभियंता श्री रमेश मदान, सहायक प्रशिक्षण प्रभारी अधिकारी सुरेन्द्र कुमार सोनी, राजन शर्मा एवं प्रदीप राय ने कार्मिकों को ईवीएम कमीशनिंग की प्रक्रिया से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण में कार्मिकों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *