प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त तथा पुलिस महानिरीक्षक ने अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

ram

झालावाड़। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कानून व्यवस्था एवं निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा बैठक गुरुवार को मिनी सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिले के प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त कोटा अनिल कुमार अग्रवाल तथा पुलिस महानिरीक्षक कोटा रेंज हरेन्द्र महावर ने की।

सामूहिक जिम्मेदारी के साथ करें निर्वाचन दायित्वों का निर्वहन

बैठक में प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगरीय निकाय चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से सम्पन्न कराना सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी पूर्ण सतर्कता, मुस्तैदी एवं आपसी समन्वय के साथ अपने निर्वाचन दायित्वों का निर्वहन करें तथा चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतें।

उन्होंने मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की माकूल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मानसून को देखते हुए मतदान केन्द्रों पर जलभराव की स्थिति से निपटने, वर्षा से बचाव तथा निर्बाध आवागमन की समुचित व्यवस्था करने को कहा।

विशेष योग्यजनों के लिए मतदान केन्द्रों पर रहें आवश्यक इंतजाम

प्रभारी सचिव ने विशेष योग्यजनों एवं बुजुर्ग मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर व्हील चेयर, स्वयंसेवकों एवं अन्य आवश्यक सहायता की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता सुगमता एवं सम्मानपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।

उन्होंने संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर विशेष सतर्कता बरतते हुए वहां तैनात मतदान दलों एवं संबंधित कार्मिकों को पूर्ण मुस्तैदी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

ईवीएम की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता

बैठक में ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की गई। प्रभारी सचिव ने ईवीएम वितरण एवं संग्रहण स्थलों पर व्यापक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ईवीएम की आवाजाही के दौरान विशेष निगरानी रखने तथा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने मतदान दलों एवं निर्वाचन कार्य में लगे कार्मिकों के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार रखने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी एवं कार्मिक संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखें और किसी भी स्थिति में सजगता एवं तत्परता के साथ कार्रवाई करें।

प्रत्येक मतदान केन्द्र पर पर्याप्त पुलिस जाप्ता रखने के निर्देश

पुलिस महानिरीक्षक कोटा रेंज हरेन्द्र महावर ने कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से नगरीय निकाय आम चुनाव को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया जाना है। उन्होंने जिले के सभी मतदान केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मोबाइल गश्त वाहनों को सक्रिय रखने, एरिया मजिस्ट्रेट एवं जोनल मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस अधिकारियों की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात करने के निर्देश दिए।

असामाजिक तत्वों पर रहेगी विशेष निगरानी

पुलिस महानिरीक्षक ने जिले में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार सूखा दिवस की प्रभावी पालना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी थानाधिकारियों एवं सर्किल ऑफिसर्स को असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मतदान केन्द्रों के आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, निर्धारित मानकों के अनुसार बैरिकेडिंग करवाने तथा मतदान केन्द्रों के आसपास अनावश्यक व्यक्तियों की आवाजाही को नियंत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों के आसपास कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी निरंतर समन्वय के साथ कार्य करें।

ईवीएम मूवमेंट के दौरान विशेष सुरक्षा व्यवस्था

महावर ने ईवीएम मशीनों की सुरक्षा को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए वितरण स्थल से मतदान केन्द्रों तक तथा मतदान समाप्ति के बाद संग्रहण स्थल तक ईवीएम की आवाजाही के दौरान पर्याप्त पुलिस जाप्ता एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ईवीएम की मूवमेंट निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार ही की जाए तथा पूरे मार्ग में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताईं चुनाव तैयारियां

जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अजय सिंह राठौड़ ने जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के संबंध में जिला प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने संभावित संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों, ईवीएम वितरण एवं संग्रहण स्थल पर की गई व्यवस्थाओं तथा कानून व्यवस्था संबंधी तैयारियों के बारे में अवगत कराया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने आश्वस्त किया कि जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव को पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय एवं सतर्कता के साथ कार्य करेंगे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने दी कानून व्यवस्था की जानकारी

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचन्द मीणा ने नगरीय निकाय चुनाव के दौरान जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई तैयारियों एवं पुलिस व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों, मतदान केन्द्रों एवं सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित विभिन्न बिन्दुओं से अधिकारियों को अवगत कराया।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी (अतिरिक्त कलक्टर) रामचन्द्र खटीक, उपखण्ड अधिकारी झालावाड़ सोनू कुमारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *