झालावाड़। हरियालो राजस्थान अभियान के तहत जिले में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार के लिए वृहद स्तर पर पौधारोपण अभियान निरंतर जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय परिसर में जिले के प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त कोटा अनिल कुमार अग्रवाल तथा पुलिस महानिरीक्षक कोटा हरेन्द्र महावर की उपस्थिति में सघन पौधारोपण किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने संयुक्त रूप से 5100 फलदार एवं छायादार पौधे लगाए।
प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त कोटा अनिल कुमार अग्रवाल ने कहा कि झालावाड़ जिले में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप करीब 90 प्रतिशत पौधारोपण का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। वर्तमान में ग्लोबल वार्मिंग एवं पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण करना समय की महती आवश्यकता है। उन्होंने जिले में किए जा रहे सघन पौधारोपण की सराहना करते हुए इस प्रकार के आयोजन नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता जताई।
पुलिस महानिरीक्षक कोटा हरेन्द्र महावर ने कहा कि जिला प्रशासन एवं पीटीएस के संयुक्त प्रयासों से पूर्व में भी सघन पौधारोपण का कार्य किया गया है, जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सघन पौधारोपण के परिणामस्वरूप चारों ओर दिखाई दे रही हरियाली इस कार्य की सफलता को स्वयं बयां कर रही है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।
जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि जिले को आवंटित 26 लाख पौधों के लक्ष्य में से करीब 90 प्रतिशत पौधारोपण कार्य पूर्ण किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि जिले में लगाए गए पौधों का 71 प्रतिशत सर्वाइवल रेट है, जिसके साथ झालावाड़ जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में वृहद स्तर पर पौधारोपण कर वन क्षेत्र में वृद्धि के साथ-साथ चारों ओर हरियाली बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भुदयाल मीणा ने जिले में अब तक किए गए पौधारोपण कार्यों, विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए पौधों तथा उनके संरक्षण एवं सर्वाइवल से संबंधित जानकारी से अवगत कराया।
लव-कुश वाटिका में भी किया पौधारोपण
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त कोटा अनिल कुमार अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक कोटा हरेन्द्र महावर, जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड,़ उप वन संरक्षक सागर पंवार एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद द्वारा लव-कुश वाटिका में भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली संवर्धन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. आंचल शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। संचालन पूनम रोतेला ने किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा, पीटीएस कमांडेंट गोपीचंद मीणा, उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय के डीन डॉ. आई.बी. मोर्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



