अलवर। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राजस्थान सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा के चंबल-ईआरसीपी योजना को लेकर लगाए गए आरोपों पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा नेता चुनाव के समय झूठ और भ्रम की राजनीति करने के बजाय अलवर की जनता को यह बताएं कि सत्ता में आने के बाद उन्होंने शहर के लिए कितना पानी उपलब्ध कराया। जूली ने कहा कि चंबल के पानी के नाम पर भाजपा नेताओं की बयानबाजी अब अलवर की जनता को बरगलाने का असफल प्रयास बन चुकी है। संजय शर्मा को यदि वास्तव में अलवर की चिंता है तो उन्हें पुराने बयानों की राजनीति करने के बजाय अपनी सरकार के कामकाज का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय अलवर को पानी उपलब्ध कराने के लिए गंभीर प्रयास किए गए थे। आज भाजपा सरकार सत्ता में है, मुख्यमंत्री स्वयं अलवर आकर योजनाओं के शिलान्यास कर चुके हैं, ऐसे में जनता यह जानना चाहती है कि आखिर पानी कब तक घरों तक पहुंचेगा। केवल शिलान्यास और घोषणाओं से प्यास नहीं बुझती। जूली ने कहा कि मंत्री संजय शर्मा द्वारा 2019 के नगर परिषद चुनाव का हवाला देना यह साबित करता है कि भाजपा के पास वर्तमान सरकार की उपलब्धियों के नाम पर बताने के लिए कुछ ठोस नहीं है। छह-सात साल पुराने राजनीतिक बयानों को दोहराकर भाजपा अपनी नाकामियों से ध्यान भटकाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि यदि अलवर को पहले की योजना में शामिल नहीं किया गया था, जैसा कि मंत्री स्वयं दावा कर रहे हैं, तो यह सवाल भी भाजपा सरकार से पूछा जाना चाहिए कि सत्ता में आने के बाद अलवर को योजना में शामिल कराने में इतना समय क्यों लगा? और यदि अब दो पॉइंट देने की बात कही जा रही है तो उनकी वास्तविक स्थिति, स्वीकृत राशि, कार्य की प्रगति और पानी घरों तक पहुंचने की समय-सीमा सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही? जूली ने कहा कि भाजपा सरकार को आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति छोड़कर यह बताना चाहिए कि अलवर की जनता को नियमित और पर्याप्त पेयजल कब मिलेगा। अलवर की जनता वर्षों से पानी की समस्या झेल रही है और अब उसे भाषण नहीं, पानी चाहिए।
कल्पना में कांग्रेस वाले बयान पर भी जूली का पलटवार
भाजपा नेता के कांग्रेस के ‘कल्पना में जीने’ वाले बयान पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कल्पना में कांग्रेस नहीं, बल्कि भाजपा के नेता जी रहे हैं। चुनाव परिणाम आने से पहले ही बहुमत के दावे करना, हर रोज प्रेस वार्ता और जनता के सवालों से बचना भाजपा की हताशा को दर्शाता है। जूली ने कहा कि जनता सब देख रही है। किसने क्या वादा किया, किसने कितना काम किया और किस सरकार ने अलवर के हितों की अनदेखी की—इसका फैसला अब जनता अपने वोट से करेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव में कांग्रेस मजबूती के साथ जनता के बीच है और भाजपा नेताओं के बयानों से यह साफ हो गया है कि भाजपा के पास विकास के मुद्दों पर जवाब नहीं है, इसलिए वह व्यक्तिगत आरोपों और पुराने मामलों को उछालकर चुनावी माहौल को भटकाना चाहती है। जूली ने कहा कि कांग्रेस विकास, जनसुविधाओं और जवाबदेह नगर निगम के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है। अलवर की जनता अब भाषण नहीं, काम चाहती है और आगामी 9 सितंबर को अपने मत के माध्यम से इसका जवाब देगी।


