अलवर। नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर अलवर शहर में सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने रविवार को शहर के विभिन्न वार्डों में तूफानी दौरा कर जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार और स्थानीय भाजपा नेताओं पर जमकर निशाना साधते हुए कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की। जनसभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अलवर नगर निगम कांग्रेस सरकार की देन है, लेकिन भाजपा सरकार ने नगर निगम की स्थिति नगर परिषद से भी बदतर कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में विकास कार्यों की रफ्तार थम गई है और मूलभूत सुविधाओं के लिए आमजन परेशान है। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे, खराब स्ट्रीट लाइटें, सीवरेज की समस्या और जगह-जगह फैली गंदगी भाजपा के विकास के दावों की पोल खोल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के दो साल के शासन में अलवर विकास के मामले में करीब दस साल पीछे चला गया है।
हार सामने देखकर पूरी फौज अलवर में उतारी
उन्होंने कहा कि स्थानीय भाजपा नेताओं को अपनी हार की तस्वीर साफ दिखाई देने लगी है। यही वजह है कि बौखलाई भाजपा ने जयपुर से लेकर दिल्ली तक अपने नेताओं की पूरी फौज अलवर में उतार दी है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय चुनाव में बाहर से बड़े नेताओं को लाकर माहौल बनाने से जनता के मुद्दे नहीं बदलने वाले। अलवर की जनता अपने शहर की समस्याओं और पिछले वर्षों में हुए कामों का हिसाब मांग रही है।
यह स्थानीय चुनाव है, जनता काम का हिसाब मांग रही है। उन्होंने ने भाजपा नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि स्थानीय नेता यह भूल गए हैं कि यह स्थानीय निकाय का चुनाव है। यहां जनता उसी व्यक्ति और उसी टीम को मौका देती है, जो उसके बीच रहकर काम करती है और उसकी समस्याओं को समझती है।
65 वार्डों में कांग्रेस मजबूत—बोर्ड बनाने का दावा
सिंह और जूली ने दावा किया कि अलवर शहर के सभी 65 वार्डों में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है और जनता का रुझान कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार अलवर की जनता कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाकर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनाने जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में जुटने और प्रत्येक वार्ड में कांग्रेस की नीतियों एवं स्थानीय मुद्दों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
स्थानीय मुद्दे बनाम बाहरी चेहरों की सियासत
सिंह और जूली के तूफानी जनसंपर्क अभियान के दौरान कांग्रेस ने चुनावी मुकाबले को स्थानीय समस्याओं और नगर निगम के कामकाज के मुद्दे पर केंद्रित किया। उनके निशाने पर भाजपा के स्थानीय नेतृत्व के साथ-साथ बाहर से चुनाव प्रचार के लिए पहुंच रहे बड़े नेता भी रहे।
उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि इस चुनाव में भाषणों और दावों के बजाय शहर के विकास, मूलभूत सुविधाओं और स्थानीय समस्याओं के समाधान को आधार बनाकर फैसला करें। उन्होंने कहा कि अलवर की जनता इस बार कांग्रेस के पक्ष में अपना जनमत देगी और नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा।



