जयपुर। अतिरिक्त मुख्य सचिव माइंस एवं पेट्रोलियम अपर्णा अरोरा ने बताया है कि कच्चे तेल दोहन की नवीनतम तकनीक का उपयोग करते हुए चरणबद्ध तरीके से राज्य में कच्चे तेल का उत्पादन 80 हजार बैरल प्रतिदिन तक बढ़ाने के निर्देश दिए गए है। इस समय राज्य में करीब 51-52 हजार बैरल कच्चे तेल का प्रतिदिन उत्पादन हो रहा हैं। उत्पादक कंपनियों द्वारा कच्चे तेल का दोहन बढाने के लिए बाड़मेर-सांचोर बेसिन व जैसलमेर बेसिन में अल्कली सर्फेक्टेंट पॉलीमर (एएसपी) और बीकानेर-नागौर बेसिन में साइक्लिक स्टीम स्टिमुलेशन (सीएसएस) दोहन की नवीनतम तकनीक का उपयोग करते हुए उत्पादन बढाया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य में पेट्रोलियम सेक्टर में 12 पेट्रोलियम लीज और 12 ही पेट्रोलियम एक्सप्लोरेशन लाइसेंस जारी हैं। राज्य में 2.6 से 2.8 एमएमएससीएम प्राकृतिक गैस का उत्पादन हो रहा है। अतिरिक्त मुख्य सचिव माइंस एवं पेट्रोलियम अपर्णा अरोरा सोमवार को सचिवालय में पेट्रोलियम और सीजीडी सेक्टर की प्रगति समीक्षा कर रही थी। उन्होंने बताया कि भूमि पर (ऑनशोर) प्राकृतिक गैस उत्पादन में दूसरे एवं कच्चे तेल के उत्पादन में राजस्थान तीसरे स्थान पर है। 9 एमएमटीपी उत्पादन क्षमता की एचआरआरएल राजस्थान रिफाइनरी में राजस्थान में उत्पादित 1.5 मिलियन टन कच्चे तेल का परिशोधन किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान में उत्पादित कच्चे तेल का राज्य की रिफाइनरी में ही परिशोधन सुनिश्चित किया जाएं। अपर्णा अरोरा ने सीजीडी संस्थाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए बताया कि इस वित्तीय वर्ष में 60 सीएनजी स्टेशन लगाने का लक्ष्य रखा गया है जिसके विरुद्ध 23 नए सीएनजी स्टेशन चालू हो गये हैं। उन्होंने दिसंबर तक ही निर्धारित लक्ष्य के अनुसार 60 सीएनजी स्टेशन स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बहुमंजलीय इमारतों में डीपीएनजी कनेक्शन जारी करने पर फोकस करने पर भी जोर दिया। निदेशक पेट्रोलियम श्री अवधेश सिंह ने बताया कि केयर्न वेदांता, ऑयल इंडिया, ओएनजीसी, फोकस एनर्जी आदि संस्थाएं कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस का दोहन कार्य कर रही है। आरएसजीएल के प्रबंध निदेशक श्री विनय पाटनी ने सीजीडी संस्थाओं के कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। बैठक में विशिष्ठ सचिव माइंस नम्रता वृष्णि, उपसचिव श्री राकेश कुमार, ओएसडी श्री अनुज सक्सेना, संयुक्त निदेशक पेट्रोलियम श्री दिलीप राज शर्मा, उप निदेशक श्री रोहित मल्लाह, श्री सुशील कुमार हुड्डा, श्री मोहन कुमावत, श्री अंकित सोनी ने हिस्सा लिया।
राज्य में कच्चे तेल का उत्पादन बढाने के लिए नवीनतम तकनीक का होगा उपयोग, चरणबद्ध तरीके से पहुंचाया जाएगा 80 हजार बैरल प्रतिदिन उत्पादन : अतिरिक्त मुख्य सचिव, माइंस
ram


