जोधपुर। आयुर्वेद विभाग जोधपुर द्वारा 21 जून 2025 को आयोजित होने वाले 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियाँ पूरे जोरों पर हैं। इस वर्ष योग दिवस की थीम एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग निर्धारित की गई है। इसी के अंतर्गत 30 दिवसीय काउंटडाउन योगाभ्यास प्रतिदिन प्रात: 6:30 बजे से उम्मेद राजकीय स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए आयुर्वेद विभाग के सदस्य सचिव एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. शरीफ खा ने बताया कि योगाभ्यास कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने लोगों से इस अवसर का अधिकाधिक लाभ उठाने और योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। डॉ. खा ने यह भी जानकारी दी कि मुख्य समारोह उम्मेद राजकीय स्टेडियम में होगा, वहीं मेहरानगढ़ किला, सम्राट अशोक उद्यान, उम्मेद पैलेस और मंडोर उद्यान को भी वैकल्पिक आयोजन स्थलों के रूप में चयनित किया गया है।
सहायक निदेशक डॉ. राजकुमार ने बताया कि योग, प्राणायाम और ध्यान न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक विकारों में भी अत्यंत लाभकारी हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य अधिकाधिक लोगों को जोड़कर उन्हें स्वास्थ्य लाभ प्रदान करना है।राजकीय जिला आयुर्वेद चिकित्सालय के प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार मित्तल ने कहा कि कोरोना महामारी के पश्चात जीवनशैली जनित रोगों जैसे मधुमेह, उच्च रक्तचाप व कैंसर आदि पर नियंत्रण के लिए योग को अपनाना अत्यंत आवश्यक हो गया है।प्रतिदिन आयोजित होने वाले अभ्यास सत्रों का संचालन वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोपाल नारायण शर्मा एवं योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामलाल जाट द्वारा किया जा रहा है। इस अभ्यास में प्रियदर्शिनी कल्ला, भोमाराम चौधरी, महेन्द्र डूडी, प्रीती खोखर, किरण मालवीय और प्रियंका बिश्नोई जैसे कुशल योग प्रदर्शक भाग ले रहे हैं।