‘वुमन एम्पावरमेंट’ से आगे बढ़कर ‘वुमन-लेड डेवलपमेंट’ की ओर बढ़ने का आह्वान नारी शक्ति वंदन अधिनियम को बताया लोकतांत्रिक भागीदारी की दिशा में ऐतिहासिक कदम 23 नवंबर तक चलेगा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन
टोंक। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार (21 नवंबर 2026) को राजस्थान के वनस्थली विद्यापीठ में आयोजित तीन दिवसीय ‘ब्रिक्स विमेन लीडर्स समिट’ (BRICS Women Leaders Summit) के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में ब्रिक्स देशों एवं साझेदार राष्ट्रों से आई महिला सांसदों, नीति-निर्माताओं, शिक्षाविदों, उद्यमियों और अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अपने संबोधन में बिरला ने महिला नेतृत्व, लोकतांत्रिक संस्थाओं में उनकी बढ़ती भागीदारी तथा वैश्विक चुनौतियों के समाधान में महिलाओं की निर्णायक भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
वैश्विक चुनौतियों के समाधान और राष्ट्र निर्माण में नारी शक्ति की अहम भूमिका
कृषि, जल प्रबंधन और खाद्य सुरक्षा में महिला नेतृत्व प्रभावी: लोक सभा अध्यक्ष ने कहा कि वैश्विक शांति, जलवायु परिवर्तन, आतंकवाद और खाद्य सुरक्षा जैसी जटिल चुनौतियों का समाधान संवाद, सहयोग और सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने रेखांकित किया कि कृषि, जल प्रबंधन, खाद्य सुरक्षा, मानवीय सहायता और पुनर्वास जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में महिलाओं का अनुभव एवं नेतृत्व अत्यंत प्रभावी समाधान प्रस्तुत कर सकता है।
संविधान निर्माण से लेकर आधुनिक शासन तक भारतीय महिलाओं का योगदान: भारतीय संस्कृति का उल्लेख करते हुए बिरला ने कहा कि नारी सदैव शक्ति, सृजन और संवेदना की प्रतीक रही है। स्वतंत्रता संग्राम से लेकर संविधान निर्माण और देश की लोकतांत्रिक यात्रा तक महिलाओं का योगदान अतुलनीय रहा है। आज विज्ञान, शिक्षा, तकनीक, उद्यमिता और शासन सहित प्रत्येक क्षेत्र में भारतीय महिलाएं अपनी प्रतिभा एवं नेतृत्व से देश का गौरव बढ़ा रही हैं।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के मंत्र से नई साझेदारी पर जोर
पंचायतों से संसद तक सशक्त भागीदारी: बिरला ने कहा कि पंचायतों से लेकर संसद तक महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ एक अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने महिलाओं को शिक्षा, तकनीक, डिजिटल सेवाओं और वित्तीय संसाधनों तक समान अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया और ‘वुमन एम्पावरमेंट’ (Women Empowerment) से आगे बढ़कर ‘वुमन-लेड डेवलपमेंट’ (Women-led Development) की अवधारणा को साकार करने का आह्वान किया, ताकि महिलाएं केवल विकास की सहभागी न रहकर उसकी दिशा निर्धारित करने में भी नेतृत्व करें।
साइबर सुरक्षा और क्षमता निर्माण पर होगा तीन दिवसीय मंथन: ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना का उल्लेख करते हुए लोक सभा अध्यक्ष ने विभिन्न देशों की महिला नेतृत्वकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद और अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया। गौरतलब है कि 21 से 23 नवंबर 2026 तक आयोजित हो रहा यह सम्मेलन महिला नेतृत्व, राजनीतिक सहभागिता, क्षमता निर्माण, डिजिटल सिक्योरिटी (Digital Security) और साइबर सेफ्टी (Cyber Safety) जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श का एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मंच है।

वनस्थली विद्यापीठ में BRICS Women Leaders Summit का आगाज़, लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया उद्घाटन
ram


