जयपुर l जयपुर प्रथम जिले में आज रविवार, 22 नवंबर को उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस (SNID) का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए गए 4164 बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक के 04 लाख 61 हजार 578 बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई जा रही है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि जिले में अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सभी निर्धारित बूथों पर प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों, एएनएम, आशा सहयोगिनियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर लाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी (आरसीएचओ) जयपुर प्रथम डॉ. महेश चौधरी ने बताया कि बूथ दिवस के बाद आगामी दिनों में जयपुर प्रथम जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मोबाइल टीमें घर-घर जाकर खुराक लेने से वंचित रह गए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए जिले में 790 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 140 ट्रांजिट टीमें एवं 170 मोबाइल टीमें भी तैनात रहेंगी। अभियान के दौरान जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों द्वारा नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। स्वस्थ बचपन, सुरक्षित भविष्य के लिए हर बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं।

जयपुर प्रथम जिले में आज उप-राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण दिवस का आयोजन, 4164 बूथों पर 04 लाख 61 हजार 578 बच्चों को पिलाई जा रही है पोलियो की दो बूंद
ram


