रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

ram

चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में शुक्रवार को भैंसरोड़गढ़ पंचायत समिति की जालखेड़ा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित रात्रि चौपाल बच्चों, युवाओं एवं ग्रामीणों के लिए प्रेरणादायी और जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच साबित हुई। चौपाल में जिला कलक्टर ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया तथा विद्यार्थियों को शिक्षा, लक्ष्य निर्धारण और सकारात्मक जीवन मूल्यों को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिए। कार्यक्रम के दौरान जिला कलक्टर ने विद्यालय में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले तथा खेलकूद में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल फोन, सोशल मीडिया एवं अन्य आकर्षण बच्चों का ध्यान भटका सकते हैं, लेकिन जो विद्यार्थी अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहते हैं, वही जीवन में सफलता प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई केवल परिवार की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए करनी चाहिए। जीवन के शुरुआती वर्ष मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। यदि विद्यार्थी पूरी लगन और ईमानदारी से प्रयास करें तो सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है।
जिला कलक्टर ने बच्चों को खेलकूद तथा सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि मित्रों के साथ समय बिताना अच्छी बात है, लेकिन नशे और अन्य बुरी आदतों से दूर रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि माता-पिता और शिक्षकों का मार्गदर्शन जीवन को सही दिशा प्रदान करता है।
अभिभावकों से संवाद करते हुए उन्होंने विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराएं, उनकी पढ़ाई पूरी करवाएं तथा कम उम्र में विवाह जैसी कुप्रथाओं से बचें। उन्होंने पंचायत क्षेत्र में बच्चों के लिए संचालित एकलव्य ज्ञान केंद्र की उपलब्धता एवं गतिविधियों की भी जानकारी ली।

ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए निर्देश
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, चिकित्सा सुविधा, पुलिया निर्माण, सीसी रोड, स्पीड ब्रेकर एवं रास्तों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं जिला कलक्टर के समक्ष रखीं। दीपपुरा घाटे की सड़क की खराब स्थिति एवं दुर्घटनाओं की समस्या पर ग्रामीणों ने सड़क सुधार की मांग की। ग्रामीण मिश्रीलाल ने क्षेत्र में एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई। इस पर बीसीएमओ डॉ. जाटव ने वर्तमान एंबुलेंस के जर्जर होने की जानकारी दी। जिला कलक्टर ने एनपीसीआईएल के माध्यम से नई एंबुलेंस उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए बीसीएमओ को प्रस्ताव भिजवाने को कहा। रमेश नागर ने घर से बेदखली तथा मोडूलाल ने भूमि एवं रास्ते से संबंधित समस्या रखी। एक ग्रामीण द्वारा सीसी रोड निर्माण की मांग करने पर जिला कलक्टर ने विकास अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सूरजमल द्वारा विद्यालय के सामने स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग पर जिला कलक्टर ने सभी विद्यालयों के सामने आवश्यकता अनुसार स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश दिए। वहीं कुंभराज नागर द्वारा खेत तक रास्ता एवं जलभराव की समस्या उठाने पर विकास अधिकारी को समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। मेघवाल बस्ती के पास नदी पर पुलिया निर्माण की मांग भी ग्रामीणों ने रखी। जिला कलक्टर ने कहा कि चौपाल में पंचायतीराज विभाग से संबंधित अनेक समस्याएं सामने आई हैं। उन्होंने विकास अधिकारी को आगामी 24 जून तक सभी समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्यवाही कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ग्रामीण लालचंद ने समाज कल्याण विभाग से संबंधित पेंशन बंद होने की समस्या भी रखी, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला कलक्टर ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा सभी ग्रामीणों से अधिकाधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में अतिरिक्त जिला कलक्टर राजलक्ष्मी गहलोत (रावतभाटा) ने सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भगवती लाल हिंगड़, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश पुरोहित, उपखंड अधिकारी डॉ. कृति व्यास, तहसीलदार विवेक गरासिया, विकास अधिकारी ग्यारसीलाल मीणा, वीणा दशोरा, एसीएफ शोभालाल गुर्जर, आरती धाकड़ सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, पुलिस विभाग के कार्मिक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *